
तिनसुकिया (असम), 19 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन गुरुवार काे असम के तिनसुकिया जिला के बारेकुरी पहुंचे। यहां उन्होंने ऐतिहासिक बोर नामघर में माथा टेका और बाद में मटक साम्राज्य के शासक स्वर्गदेव सर्बानंद सिंह के स्मारक पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
बारेकुरी के बोर नामघर में नितिन नबीन ने आशीर्वाद लिया और स्थानीय समुदाय के सदस्यों से बातचीत की। नामघर के गायन-बयान ग्रुप ने उनका पारंपरिक रूप से स्वागत किया, जिनके भक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम के प्रदर्शनों ने इस मौके को आध्यात्मिक उत्साह से भर दिया।
महिला श्रद्धालुओं ने भी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को औपचारिक रूप से आशीर्वाद दिया। इसके बाद नितिन नवीन स्वर्गदेव सर्बानंद सिंह के मैदाम (स्मारक) पर श्रद्धांजलि देने के लिए तिनसुकिया के गुइजान गए। इस दौरे ने असम की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत, खासकर मटक साम्राज्य की विरासत के साथ पार्टी के जुड़ाव को एकाकार किया।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के साथ ही स्थानीय विधायक एवं असम प्रदेश भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
ज्ञात हो कि, नितिन नवीन दो दिवसीय असम दौरे पर बीते बुधवार को डिब्रूगढ़ पहुंचे थे, जहां पर उनका भव्य रूप से स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने भाजपा के पन्ना प्रमुखों की एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के बूथ को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय