छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलवाद के खत्मे को लेकर अभियान शुरू

युगवार्ता    19-Feb-2026
Total Views |

बीजापुर, 19 फरवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में तेलंगाना सीमा के पास नांवी और कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों से नक्सलवाद काे पूरी तरह खत्म करने के लिए सुरक्षाबलों ने व्यापक अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बड़े नक्सली कैडराें की तलाश और उनका सफाया करना है। नांवी और कर्रेगुट्टा पहाड़ियों में सघन सर्च ऑपरेशन चल रहा है।

सूत्रों के अनुसार अभियान में बड़ी संख्या में जवान शामिल हैं, जो नांवी और कर्रेगुट्टा पहाड़ियों में सघन सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

यह कार्रवाई केंद्र एवं राज्य सरकार के उस लक्ष्य का हिस्सा है, जिसमें मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद काे खत्म करने की योजना बनाई गई है। इससे पहले अप्रैल-मई 2025 में कर्रेगुट्टा पहाड़ियों को नक्सल प्रभाव से मुक्त करने के लिए सुरक्षाबलों ने लंबे समय तक ‘ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट’ चलाया। इस दाैरान 31 नक्सलियों को मार गिराया गया था।

बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने गुुरुवार काे बताया कि सुरक्षाबल बस्तर क्षेत्र की शांति और सुरक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं तथा नियमित रूप से प्रभावी नक्सल विरोधी अभियान संचालित किए जा रहे हैं। नक्सल उन्मूलन अभियानों में संलग्न बलों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संचालन से संबंधित संपूर्ण विवरण अभियान पूर्ण होने के बाद जारी किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Tags