देश के बाकी बचे राज्यों में भी एसआईआर की तैयारी शुरू करने के निर्देश

युगवार्ता    19-Feb-2026
Total Views |
Third Phase of Special Intensive Revision to Begin Soon in Remaining States, UTs


नई दिल्ली, 19 फरवरी (हि.स.)। चुनाव आयोग ने देश के बाकी बचे राज्यों में भी मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया की तैयारी शुरू करने का निर्देश दिया है। संभावना है कि बाकी बचे राज्यों में अप्रैल से यह प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

चुनाव आयोग ने इस संबंध में संबंधित राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (सीईओ) को पत्र लिखा है। इन राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों में आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा नगर हवेली एवं दमन दीव, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक, लद्दाख, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, दिल्ली, ओडिशा, पंजाब, सिक्किम, त्रिपुरा, तेलंगाना और उत्तराखंड शामिल हैं।

आयोग ने कहा है कि पिछले साल जुलाई में बिहार को छोड़कर सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को एसआईआर प्रक्रिया के लिए रिवीजन प्रक्रिया शुरू करने के लिए कहा गया था। इसके बाद 27 अक्टूबर को चुनाव आयोग ने 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में एआईआर की प्रक्रिया शुरू कर दी थी और यह अब भी अभी जारी है।

आयोग ने कहा है कि बाकी राज्यों में अप्रैल से एसआईआर की प्रक्रिया प्रारंभ होने की संभावना है इसलिए इससे जुड़ी तैयारी को जल्द से जल्द पूरा करें।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Tags