कानपुर में विमानन और रक्षा क्षेत्र के लिए खुलेगा राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, फ्रांस की होगी साझेदारी

युगवार्ता    19-Feb-2026
Total Views |
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति के साथ संयुक्त प्रेस वक्तव्य में कानपुर स्थित राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान में एरोनॉटिक्स और रक्षा क्षेत्र के लिए राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना की घोषणा की।


नई दिल्ली, 19 फरवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को इंडिया–फ्रांस वर्ष नवाचार का वर्ष के उद्घाटन अवसर पर कानपुर के राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (एनएसटीआई) में एरोनॉटिक्स और रक्षा क्षेत्र के लिए राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने की घोषणा की। यह केंद्र भारत सरकार के प्रधानमंत्री उन्नत आईटीआई के माध्यम से कौशल और रोजगार रूपांतरण (पीएम-सेतु) कार्यक्रम के तहत फ्रांस सरकार के सहयोग से स्थापित किया जाएगा।

कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय ने बताया कि प्रस्तावित केंद्र में विमानन, मेंटेनेंस, रखरखाव, मरम्मत और समग्र निरीक्षण (एमआरओ), हवाई अड्डा संचालन, रक्षा निर्माण और संबद्ध क्षेत्रों में उन्नत कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसे विश्वस्तरीय संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा, जो भारत की अंतरिक्ष विज्ञान और रक्षा पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करेगा।

कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में पीएम-सेतु भारत के आईटीआई तंत्र को नया रूप दे रहा है। कानपुर का यह केंद्र वैश्विक स्तर पर सक्षम एवीएशन प्रोफेशनल तैयार करेगा और भारत–फ्रांस की रणनीतिक साझेदारी को उन्नत प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में और गहरा करेगा।

भारत सरकार और फ्रांस सरकार के बीच इस केंद्र की स्थापना के लिए सहमति पत्र का आदान-प्रदान हुआ है। इसमें सह-डिजाइन पाठ्यक्रम, प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम, संयुक्त समीक्षा, भाषा प्रशिक्षण और संरचित मोबिलिटी पथ शामिल हैं। सहयोग एरोनॉटिक्स, अंतरिक्ष और संबद्ध क्षेत्रों तक विस्तारित होगा।

पीएम-सेतु योजना के तहत 60 हजार करोड़ रुपये की लागत से देशभर के 1000 आईटीआई संस्थानों को आधुनिक बनाया जाएगा। कानपुर के एवीएशन केंद्र के अलावा लुधियाना, हैदराबाद, चेन्नई और भुवनेश्वर में भी राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जो उन्नत विनिर्माण, उभरती प्रौद्योगिकियों और उच्च-विकास सेवा क्षेत्रों पर केंद्रित होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags