
नई दिल्ली, 20 फरवरी (हि.स)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने शुक्रवार को इंडिया एआई इंपैक्ट समिट के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन और आपत्तिजनक आचरण को अत्यंत शर्मनाक बताते हुए कांग्रेस को “विफल राजनीतिक दल” करार दिया।
खंडेलवाल ने कहा कि जब देश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), नवाचार और भारत के तकनीकी भविष्य पर गंभीर मंथन कर रहा था, तब इस प्रकार का भद्दा और ध्यान आकर्षित करने वाला “नंगा प्रदर्शन” करना एक गंभीर राष्ट्रीय मंच की गरिमा को ठेस पहुंचाने जैसा है।
उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का यह आचरण उस दिवालिया मानसिकता को उजागर करता है, जो आज कांग्रेस की पहचान बन चुकी है।
चांदनी चौक के सांसद खंडेलवाल ने कहा कि विचार, नीति विकल्प और सार्थक बहस प्रस्तुत करने के बजाय कांग्रेस केवल नाटक, उकसावे और अव्यवस्था की राजनीति कर रही है। यह व्यवहार न केवल राजनीतिक हताशा दर्शाता है, बल्कि देश के युवाओं की आकांक्षाओं से पूर्णतः कटे होने का प्रमाण भी है।
उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी पराजयों के बावजूद कांग्रेस ने आत्ममंथन नहीं किया है। राहुल गांधी के फेल एवं अप्रभावी नेतृत्व में कांग्रेस ने रचनात्मक विपक्ष की भूमिका छोड़कर केवल प्रदर्शन और सनसनी की राजनीति को अपनाया है। भारत का युवा अवसर, नवाचार और वैश्विक नेतृत्व चाहता है, न कि अशोभनीय प्रदर्शन और कृत्रिम विवाद। एआई समिट भारत की तकनीकी क्षमता और वैश्विक दृष्टि को प्रस्तुत करने का मंच था; इसे बाधित करने का प्रयास राष्ट्रीय प्रगति का अपमान है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सशक्त और जिम्मेदार विपक्ष आवश्यक है, लेकिन जो देखा गया वह विरोध नहीं, बल्कि हताशा का प्रदर्शन था। देश की जनता, विशेषकर युवा वर्ग, नेतृत्व से परिपक्वता और दूरदृष्टि की अपेक्षा करता है- न कि शोर और अव्यवस्था की राजनीति।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे इंडिया एआई इंपैक्ट समिट के दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शर्ट उतार कर विरोध-प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के इस विरोध-प्रदर्शन की चौतरफा निंदा हो रही है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर