भारत-अमेरिका के अधिकारी 23 फरवरी से बैठक करके व्यापार समझौते को देंगे कानूनी मसौदा का रूप

युगवार्ता    20-Feb-2026
Total Views |
भारत-अमेरिका के लोगो का प्रतीकात्‍मक चित्र


नई दिल्‍ली, 20 फरवरी (हि.स)। भारत और अमेरिका के अधिकारी अंतरिम व्यापार समझौते के कानूनी मसौदे को अंतिम रूप देने के लिए 23 फरवरी से अमेरिका में तीन दिवसीय बैठक करेंगे। इस बैठक में समझौते की रूपरेखा को औपचारिक दस्तावेज में बदला जाएगा।

इस महीने की शुरुआत में भारत और अमेरिका ने एक संयुक्त बयान जारी कर यह घोषणा की थी कि अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक रूपरेखा तय कर ली गई है। संयुक्त बयान में समझौते की मुख्य रूपरेखा तय की गई थी। अब इन बिंदुओं को एक औपचारिक कानूनी समझौते में बदलने के बाद दोनों पक्षों में अगले माह हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। भारतीय दल का नेतृत्व वाणिज्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव एवं मुख्य वार्ताकार दर्पण जैन करेंगे। अंतरिम व्यापार समझौते के तहत दोनों पक्ष आपस में व्यापार किए जाने वाले कई वस्तुओं पर शुल्क रियायतें देंगे।

अमेरिका ने घोषणा की है कि वह भारतीय वस्तुओं पर जवाबी शुल्क को 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर देगा। इसके अलावा रूस से कच्चा तेल खरीदने के कारण भारत पर लगाए गए 25 फीसदी दंडात्मक शुल्क को पहले ही समाप्त किया जा चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags