
इंफाल, 20 फरवरी (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों से चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद भी बरामद किया गया है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय के अनुसार गुरुवार को सुरक्षा बलों ने विभिन्न स्थानों से आरपीएफ/पीएलए के दो सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया। इनमें से एक की पहचान थौनाजोम प्रेमपत्र सिंह उर्फ लुवांग उर्फ प्रेम (31) के रूप में की गयी। उसे इंफाल वेस्ट जिले के सिंगजामेई थानांतर्गत सिंगजामेई चिंगा मुखा से गिरफ्तार किया गया। दूसरे की शिनाख्त थारोइजम टोनी सिंह (32) के रूप में हुई है। उसे इंफाल ईस्ट जिले के पोरोम्पत क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से एक 9 मिमी पिस्तौल मैगजीन सहित, चार राउंड 9 मिमी जिंदा कारतूस, एक स्कूटर, दो मोबाइल फोन, एक बैग और दो पर्स बरामद किया।
इसी तरह एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने प्रीपाक (प्रो) के एक सक्रिय कैडर निंगथौजम कैनेडी (41) उर्फ गुली उर्फ अंगौसना को गिरफ्तार किया। उसे इंफाल ईस्ट जिला के पोरोम्पत थानांतर्गत क्षेत्र के खेवा बाजार से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किया गया। इसके अलावा सुरक्षा बलों ने बिश्नुपुर जिला के नांबोल थानांतर्गत मालोम तुलीहाल माखा लाईकाई क्षेत्र से एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान खॉइसनाम मोरेन्द्रजीत सिंह उर्फ कुमार (42) के रूप में की गयी है। इसके पास से एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किया है।
सुरक्षा बलों ने ककचिंग जिला के केइरक अवांग लूकोन चिंगोल क्षेत्र में एक सघन तलाशी अभियान चलाते हुए बड़ी मात्रा में हथियार एवं अन्य सामग्री बरामद की। बरामद सामग्रियों में मुख्य रूप से एक अमोघ कार्बाइन मैगज़ीन के साथ, दो स्थानीय निर्मित लाथोड़ बंदूकें, दो स्थानीय निर्मित सिंगल बैरल्स बंदूक, सात आंसू गैस के शेल, तीन ट्यूब लॉन्चिंग उपकरण, दो प्वाइंट 36 एचई ग्रेनेड दो डेटोनेटर के साथ, 50 राउंड्स गोलियां, 100 खाली केस, दो आईडीएल विस्फोटक दो डेटोनेटर के साथ, दो हेलमेट, एक बीपी जैकेट, और दो मैगज़ीन पाउच शामिल हैं।
इसके अलावा मणिपुर के विभिन्न जिलों में गुरुवार को पहाड़ों और घाटी में कुल 105 नाका/चेकपॉइंट लगाए गए और वाहनों की तलाशी ली गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर आवश्यक वस्त्र और सामग्री ले जाने वाले 287 वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित की गई है। सभी संवेदनशील स्थानों पर कड़े सुरक्षा उपाय किए गए हैं। -------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय