होबार्ट चरण में नई ऊर्जा के साथ वापसी को तैयार भारतीय पुरुष हॉकी टीम

युगवार्ता    20-Feb-2026
Total Views |
भारतीय कप्तान हार्दिक सिंह


- कप्तान हार्दिक सिंह के नेतृत्व में 20 से 25 फरवरी तक स्पेन और मेज़बान ऑस्ट्रेलिया से मुकाबला

नई दिल्ली, 20 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम अब एफआईएच प्रो लीग के होबार्ट चरण पर फोकस कर चुकी है, जो 20 से 25 फरवरी तक ऑस्ट्रेलिया के तस्मानिया हॉकी सेंटर में खेला जाएगा। भारतीय टीम स्पेन और मेज़बान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन कर नई शुरुआत करने के इरादे से उतरेगी।

राउरकेला चरण से मिले अनुभवों के बाद भारतीय टीम ने सकारात्मक सोच के साथ खुद को फिर से तैयार किया है। आगामी मुकाबलों को टीम संयोजन परखने, रणनीति को मजबूत करने और इस साल होने वाले पुरुष हॉकी विश्व कप तथा एशियाई खेलों से पहले लय हासिल करने के अहम अवसर के रूप में देखा जा रहा है। 24 सदस्यीय टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ कई युवा प्रतिभाओं को भी शामिल किया गया है।

भारत अपने अभियान की शुरुआत 21 फरवरी को स्पेन के खिलाफ करेगा, इसके बाद 22 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा। 24 फरवरी को एक बार फिर स्पेन से मुकाबला होगा, जबकि 25 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतिम मैच खेला जाएगा।

हालिया रिकॉर्ड दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर का संकेत देते हैं। स्पेन के साथ पिछले 10 मुकाबलों में दोनों टीमों ने चार-चार जीत दर्ज की हैं, जबकि दो मैच ड्रॉ रहे, जिन्हें भारत ने शूटआउट में जीता। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आंकड़े मेज़बान टीम के पक्ष में हैं, जहां पिछले 10 मैचों में उसे छह जीत मिली हैं, जबकि भारत ने दो मुकाबले जीते और दो ड्रॉ रहे।

दो बार के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता हार्दिक सिंह को इस चरण के लिए कप्तान बनाया गया है। टीम में अमनदीप लकड़ा, मनमीत सिंह, अंगद वीर सिंह, अरिजीत सिंह हुंडाल और आदित्य अर्जुन लालगे जैसे युवा खिलाड़ियों को भी मौका दिया गया है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने के लिए उत्सुक हैं।

कप्तान हार्दिक सिंह ने कहा कि टीम सकारात्मक और आक्रामक सोच के साथ मैदान पर उतरेगी तथा युवा खिलाड़ियों की ऊर्जा टीम के प्रदर्शन में नई धार जोड़ेगी। भारतीय टीम हॉबर्ट चरण में मजबूत प्रदर्शन कर बड़े टूर्नामेंटों से पहले आत्मविश्वास हासिल करना चाहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags