साबरमती रिवरफ्रंट पर युवाओं के साथ भाजपा अध्यक्ष ने की ‘चाय पे चर्चा'

युगवार्ता    21-Feb-2026
Total Views |
युवाओं के साथ ‘चाय पे चर्चा’


युवाओं के साथ ‘चाय पे चर्चा’


अहमदाबाद, 21 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार सुबह अहमदाबाद के प्रसिद्ध साबरमती रिवरफ्रंट पर मॉर्निंग वॉक किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं के साथ चाय पीते हुए बातचीत भी की।

भाजपा अध्यक्ष ने शहर के प्रतिष्ठित अटल ब्रिज का भी दौरा किया। इस अवसर पर उनके साथ कर्णावती महानगर भाजपा अध्यक्ष प्रेरक शाह, स्थानीय विधायकगण और पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।

रिवरफ्रंट दौरे की गुजरात भाजपा ने तस्वीरों को साझा करते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि साबरमती रिवरफ्रंट संकल्प से सिद्धि का प्रतीक है। पार्टी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने गुजरात दौरे के दूसरे दिन अहमदाबाद में साबरमती रिवरफ्रंट पर प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा के साथ सुबह की सैर की। इस दौरान उन्होंने चाय की चुस्की ली और युवाओं से बातचीत की।

पार्टी ने कहा कि साबरमती रिवरफ्रंट आज अहमदाबाद की पहचान बन चुका है। एक समय था जब साबरमती नदी का तट कचरे और गंदगी से भरा रहता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और दूरदर्शिता के चलते यहां देश का पहला आधुनिक रिवरफ्रंट विकसित हुआ, जिसने शहर को वैश्विक पहचान दिलाई। आज साबरमती रिवरफ्रंट लोगों के लिए प्रमुख आकर्षण केंद्र बन गया है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग वॉक, जॉगिंग, साइक्लिंग, योग और व्यायाम के लिए पहुंचते हैं। परिवार अपने बच्चों के साथ यहां समय बिताते हैं। वहीं, अटल ब्रिज भी अहमदाबाद का प्रमुख पर्यटन स्थल बन चुका है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं।

भाजपा अध्यक्ष शनिवार को अहमदाबाद स्थित नगर देवी श्री भद्रकाली माता मंदिर भी गए, जहां उन्होंने मां के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने एक्स पर लिखा कि आज अहमदाबाद में नगरदेवी श्री भद्रकाली माता मंदिर में दर्शन-पूजन कर राज्य एवं राष्ट्र की समृद्धि, शांति और जनकल्याण के लिए कामना की। अहमदाबाद की नगर देवी के रूप में पूजित यह धाम, प्राचीन कर्णावती की स्थापना काल से आस्था का केंद्र रहा है और गुजरात की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपरा का गौरवपूर्ण प्रतीक है।

नितिन नवीन ने शुक्रवार को गुजरात के दौरे पर पहुंचने के बाद कई कार्यक्रमों में शिरकत की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Tags