मध्य प्रदेश में अब 5 करोड़ 39 लाख 81 हजार 65 मतदाता, एसआईआर के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी

युगवार्ता    21-Feb-2026
Total Views |
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक


- मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची की जानकारी

भोपाल, 21 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश में चार माह तक चले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत नाम जोड़ने, हटाने के लिए बुलाए गए दावे-आपत्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। एक जनवरी 2026 की तिथि के आधार पर जारी इस सूची में कुल 5 करोड़ 39 लाख 81 हजार 65 मतदाता हैं।

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने शनिवार को निर्वाचन सदन भोपाल में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 के अंतर्गत प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि शनिवार को पूरे प्रदेश में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 5 करोड़ 39 लाख 81 हजार 65 है। इनमें पुरुष मतदाता दो करोड़ 79 लाख चार हजार 975, महिला मतदाता दो करोड़ 60 लाख 75 हजार 186 तथा थर्ड जेंडर मतदाता 904 हैं।

बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम मतदाता सूची की सॉफ्ट कॉपी सौंपी गई। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी। जिन नागरिकों के नाम मतदाता सूची में छूट गए हैं अथवा किसी प्रकार का संशोधन है, वे ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। साथ ही जिन युवाओं ने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, वे भी अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। झा ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट पर भी देखी जा सकती है।

मतदाता सूची से हटाए गए 34,25,078 नाम

झा के अनुसार, 27 अक्टूबर 2025 से प्रदेशभर में यह अभियान चरणबद्ध तरीके से चलाया गया। लगभग चार माह तक चले इस विशेष पुनरीक्षण के दौरान नाम जोड़ने, विलोपन और संशोधन से संबंधित दावे-आपत्तियां 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक प्राप्त की गईं। इसके बाद 14 फरवरी 2026 तक सभी दावों और आपत्तियों का सत्यापन कर उनका निराकरण किया गया। प्रारंभिक मतदाता सूची के प्रकाशन से पूर्व राज्य में कुल 5,74,06,143 मतदाता पंजीकृत थे। प्रारूप सूची के प्रकाशन के बाद यह संख्या घटकर 5,31,31,983 रह गई थी। अंतिम सूची में कुल 5,39,81,065 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं। इस प्रकार प्रारूप सूची के बाद 8,49,082 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि (नेट एडिशन) दर्ज की गई। कुल मिलाकर 34,25,078 मतदाताओं की संख्या 27 नवंबर से अब तक की कार्रवाई में घटी है।

बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राम प्रताप सिंह जादौन, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुरभि तिवारी, संजय श्रीवास्तव एवं राजेश यादव उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों में आम आदमी पार्टी से शैलेन्द्र नागले, बहुजन समाज पार्टी से पूर्णेन्द्र अहिरवार एवं नरेश बनपुरिया, भारतीय जनता पार्टी से विधायक भगवान दास सबनानी, रजनीश अग्रवाल एवं एसएस उप्पल, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) से पीवी रविचंद्रन तथा कांग्रेस पार्टी से जेपी धनोपिया उपस्थित रहे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags