खेल गतिविधियाें से विद्यार्थियों में टीम भावना और नेतृत्व विकसित : कुलपति

युगवार्ता    21-Feb-2026
Total Views |
कार्यक्रम के दौरान लिया गया छायाचित्र


कानपुर, 21 फरवरी (हि.स.)। विश्वविद्यालयों में खेल गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। प्रतियोगिताओं से अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। यह बातें शनिवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कही।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा नवनिर्मित एकलव्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में थ्रो-बॉल इंट्राम्यूरल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारम्भ मुख्य अतिथि क्रीड़ा सचिव डॉ. निमिषा सिंह कुशवाहा एवं विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव ने फीता काटकर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता में विभाग के चार हाउस के मध्य मुकाबले खेले गए, जिसमें कुल 119 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

फाइनल मुकाबले में आजाद हाउस ने शिवाजी हाउस को 2-0 से पराजित कर विजेता का खिताब जीता। सेमीफाइनल में आजाद हाउस ने भगत सिंह हाउस को 2-1 और शिवाजी हाउस ने महाराणा प्रताप हाउस को 2-1 सेट से हराया। सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी का पुरस्कार सुजीत (आजाद हाउस) और प्रत्यूष (शिवाजी हाउस) को, जबकि सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का सम्मान अनन्या (आजाद हाउस) और चार्वी (शिवाजी हाउस) को मिला।

समापन अवसर पर मुख्य अतिथि ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। डॉ. प्रभाकर पांडेय, अभिषेक मिश्रा (इंट्राम्यूरल प्रभारी), डॉ. राघवेन्द्र, शुभम हजारिया, राहुल दीक्षित, धर्मेंद्र चौहान व शोभित दीक्षित सहित शिक्षक एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Tags