तमिलनाडु के तिरुप्पूर में आतंकी संगठनों के समर्थन के आरोप में 6 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

युगवार्ता    21-Feb-2026
Total Views |
तिरुपुर में 6 बांग्लादेशी गिरफ्तार


तिरुप्पूर, 21 फरवरी (हि.स.)। तमिलनाडु के तिरुप्पूर जिले में आतंकी संगठनों के समर्थन में सोशल मीडिया पर गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने 6 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नई दिल्ली के लाल किला विस्फोट मामले से जुड़े आतंकियों के समर्थन में की गई सोशल मीडिया पोस्ट की जांच के दौरान की गई।

दिल्ली पुलिस की टीम ने तिरुप्पूर जिले में अचानक छापेमारी करते हुए ऊथुकुली से 2, पल्लडम से 3 और तिरुमुरुगनपुंडी से 1 व्यक्ति को गिरफ्तार किया। सभी आरोपितों को हिरासत में लेकर नजदीकी थाने में पूछताछ की जा रही है। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने भी इस कार्रवाई की पुष्टि की है।

पुलिस के अनुसार, नई दिल्ली स्थित लाल किले में हुए विस्फोट से जुड़े आतंकियों के समर्थन में सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा टिप्पणी किए जाने की शिकायत मिली थी। इसके आधार पर दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि तमिलनाडु के तिरुप्पूर जिले से पाकिस्तान से जुड़े आतंकियों के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए थे। तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने संबंधित स्थानों की पहचान की और तिरुप्पूर पहुंचकर कार्रवाई की।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार सभी 6 आरोपित बांग्लादेश के नागरिक हैं और बिना वैध पासपोर्ट और दस्तावेजों के अवैध रूप से भारत में रह रहे थे। उनके पास से 8 मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस को संदेह है कि आरोपित पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों के समर्थन में सोशल मीडिया पोस्ट कर रहे थे और संभवतः संवेदनशील सूचनाएं भेजने जैसी गतिविधियों में भी शामिल हो सकते हैं। इस संबंध में विस्तृत जांच जारी है।

इसी बीच खुफिया एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि पाकिस्तान से जुड़ा आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों को निशाना बना सकता है। विशेष रूप से दिल्ली के चांदनी चौक और लाल किले के आसपास हमले की आशंका जताई गई है।

इस चेतावनी के बाद नई दिल्ली और अन्य प्रमुख शहरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और निगरानी बढ़ा दी गई है।

सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि तिरुप्पूर से गिरफ्तार आरोपितों का संभावित आतंकी साजिश से कोई सीधा संबंध है या नहीं। फिलहाल सभी आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है और उनके संपर्कों तथा डिजिटल गतिविधियों की जांच की जा रही है।

इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और देशभर में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Tags