साप्ताहिक समीक्षा : बिकवाली के बावजूद कारोबार के अंतिम दिन हुई मामूली बढ़त

युगवार्ता    22-Feb-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


- घरेलू शेयर बाजार में लार्जकैप और मिडकैप इंडेक्स में तेजी, स्मॉलकैप इंडेक्स में गिरावट

नई दिल्ली, 22 फ़रवरी (हि.स.)। पिछले सप्ताह के कारोबार में गुरुवार को जबरदस्त बिकवाली का शिकार होने के बावजूद घरेलू शेयर बाजार साप्ताहिक आधार पर मामूली बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहा। सोमवार से शुक्रवार तक के कारोबार के बाद बीएसई का सेंसेक्स साप्ताहिक आधार पर 187.95 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की मजबूती के साथ 82,814.71 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई के निफ्टी ने पूरे सप्ताह के कारोबार के बाद 100.15 अंक यानी 0.39 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,571.25 अंक के स्तर पर पिछले सप्ताह के कारोबार का अंत किया।

20 फरवरी को खत्म हुए कारोबारी सप्ताह के दौरान बीएसई का लार्जकैप इंडेक्स साप्ताहिक आधार पर 0.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहा। इस इंडेक्स में शामिल केनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, कमिंस इंडिया और हुंडई मोटर इंडिया के शेयर टॉप गेनर्स के सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, इन्फो एज (इंडिया), टेक महिंद्रा, स्विगी, एलटीआई माइंडट्री, वारी एनर्जी, एसआरएफ और एटरनल के शेयर टॉप लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

लार्ज कैप की तरह ही बीएसई का मिडकैप इंडेक्स भी पिछले सप्ताह के कारोबार में ओवरऑल 0.35 प्रतिशत की मजबूती हासिल करने में सफल रहा। इस इंडेक्स में शामिल भारत डायनॉमिक्स, हिताची एनर्जी इंडिया, थर्मैक्स, बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, पेट्रोनेट एलएनजी, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, जीएमआर एयरपोर्ट्स और गोदरेज इंडस्ट्रीज के शेयर टॉप गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, हेक्सावेयर टेक्नोलॉजीज, ब्रेन बीज सॉल्यूशंस, वेदांत फैशंस, ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, परसिस्टेंट सिस्टम्स और क्लीन साइंस एंड टेक्नोलॉजी के शेयरों में साप्ताहिक आधार पर 6 से लेकर 18 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।

लार्ज कैप और मिडकैप के विपरीत बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स पिछले सप्ताह के कारोबार में साप्ताहिक आधार पर 0.50 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इस इंडेक्स में शामिल नोवार्टिस इंडिया, आरईसीएल गेयर टेक, केआरएन हीट एक्सचेंजर एंड रेफ्रिजरेशन, गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया, एयरोफ्लेक्स इंडस्ट्रीज, ज्योति स्ट्रक्चर्स, वीएल ई-गवर्नेंस एंड आईटी सॉल्यूशंस, नेट वेव टेक्नोलॉजीज इंडिया, साधना नाइट्रोकेम, जिंदल पॉली इन्वेस्टमेंट एंड फाइनेंस कंपनी और न्यूजेन सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजीज के शेयरों में साप्ताहिक आधार पर 16 से 28 प्रतिशत तक की मजबूती दर्ज की गई। दूसरी ओर, इक्विलॉन नेक्सस, स्टैलियन इंडिया फ्लोरोकेमिकल्स, शॉपर्स स्टॉप, पेन्नार इंडस्ट्रीज, फिलेटिक्स फैशंस, जैगल प्रीपेड ओसियन सर्विसेज और ट्रांस वर्ल्ड शिपिंग लाइंस के शेयरों में साप्ताहिक आधार पर 16 से लेकर 22 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।

सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें, तो पिछले सप्ताह के कारोबार में निफ्टी का पीएसयू बैंक इंडेक्स साप्ताहिक आधार पर 5.50 प्रतिशत की मजबूती हासिल करने में सफल रहा। इसी तरह निफ्टी के एनर्जी इंडेक्स ने साप्ताहिक आधार पर 2.43 प्रतिशत और एफएमसीजी इंडेक्स ने पूरे सप्ताह के कारोबार में 1.71 प्रतिशत की बढ़त हासिल की। इसके अलावा निफ्टी के फार्मास्यूटिकल, डिफेंस और हेल्थ केयर इंडेक्स में लगभग एक साप्ताहिक आधार पर लगभग एक प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। दूसरी ओर, निफ्टी के ऑटोमोबाइल, मीडिया और आईटी इंडेक्स में साप्ताहिक आधार पर 1.30 प्रतिशत से लेकर 2.49 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags