मियामी, 22 फरवरी (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फ्लोरिडा स्थित मार-ए-लागो एस्टेट में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश करने वाले एक सशस्त्र युवक को अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने गोली मार दी। एजेंसी ने 22 फरवरी को इसकी पुष्टि की।
अधिकारियों के अनुसार घटना स्थानीय समयानुसार तड़के करीब 1:30 बजे हुई। उस समय राष्ट्रपति ट्रंप वॉशिंगटन में थे। सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता एंथनी गुग्लिएल्मी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर बताया कि एक सशस्त्र व्यक्ति ने मार-ए-लागो की सुरक्षित परिधि में अवैध रूप से प्रवेश किया, जिसके बाद एजेंटों और पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय की टीम ने कार्रवाई की।
एजेंसी के बयान के मुताबिक संदिग्ध युवक, जिसकी उम्र शुरुआती 20 वर्ष बताई गई है, संपत्ति के उत्तरी गेट के पास दिखाई दिया। उसके पास कथित तौर पर एक शॉटगन और ईंधन का कनस्तर था। एजेंटों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर गोली चलानी पड़ी। इस घटना में किसी भी सुरक्षा अधिकारी के घायल होने की सूचना नहीं है।
राष्ट्रपति ट्रंप पहले भी कई बार हमलों या हत्या की साजिशों का निशाना बन चुके हैं। फरवरी की शुरुआत में 59 वर्षीय रयान राउथ को सितंबर 2024 में फ्लोरिडा के एक गोल्फ कोर्स पर ट्रंप की हत्या की साजिश रचने के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।
इससे दो महीने पहले पेनसिल्वेनिया में एक चुनावी रैली के दौरान 20 वर्षीय मैथ्यू क्रूक्स ने ट्रंप पर गोली चलाई थी, जिसमें एक गोली उनके दाहिने कान को छूते हुए निकल गई थी। उस हमले में एक रैली प्रतिभागी की मौत हो गई थी। सुरक्षा बलों ने मौके पर ही क्रूक्स को मार गिराया था।
मार-ए-लागो एस्टेट पर ताजा घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय