राहुल गांधी भारत को शर्मिंदा करने की साजिश में बेनकाब : गौरव भाटिया

युगवार्ता    24-Feb-2026
Total Views |
भाजपा नेता गौरव भाटिया मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए


नई दिल्ली, 24 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने मंगलवार को आरोप लगाया कि एआई शिखर सम्मेलन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत को शर्मिंदा करने की साजिश रची, जो अब परत-दर-परत सामने आ रही है।

भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में भाटिया ने कहा कि एआई शिखर सम्मेलन के दौरान भारत मंडपम में विरोध-प्रदर्शन के सिलसिले में भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि एआई समिट के दौरान, जब पूरी दुनिया की नजर भारत पर थी, उस समय युवा कांग्रेस ने टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया। भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी ने भारत को शर्मिंदा और बदनाम करने के लिए साजिश रची। आज हालात ऐसे हो गए हैं कि वह स्वयं राजनीतिक रूप से बेनकाब हो चुके हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी संविधान की प्रति दिखाते हैं, लेकिन उन्होंने कभी संविधान पढ़ा नहीं है। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 19(2) का उल्लेख करते हुए कहा कि सार्वजनिक व्यवस्था, शालीनता और नैतिकता के हित में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर युक्तिसंगत प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष के नेता को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के वास्तविक अर्थ की समझ नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के समर्थन के बिना इस प्रकार का विरोध प्रदर्शन संभव नहीं था। अगर राहुल गांधी को भारत के नागरिकों और संविधान पर भरोसा नहीं है, तो यह डेमोक्रेटिक पॉलिटिक्स के प्रति उनके कमिटमेंट को लेकर गंभीर चिंता पैदा करता है। लीडरशिप के लिए ज़िम्मेदारी और संवैधानिक मूल्यों का सम्मान ज़रूरी है।

इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता मार्ग्रेट अल्वा के एक बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस के भीतर से ही पार्टी की वर्तमान कार्यशैली पर सवाल उठाए जा रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि एआई समिट भारत की वैश्विक नेतृत्व क्षमता और दूरदर्शिता का प्रतीक है। वर्ष 2023 में आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन के बाद विश्व समुदाय ने भारत की भूमिका को सराहा था, लेकिन कांग्रेस को देश की उपलब्धियां स्वीकार नहीं हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags