केंद्र ने श्रीनगर एयरपोर्ट पर नया टर्मिनल बनाने की मंजूरी दी

युगवार्ता    24-Feb-2026
Total Views |
श्रीनगर हवाई अड्डा (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 24 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सिविल एन्क्लेव के विस्तार को मंजूरी दी है। इस परियोजना पर लगभग 1,677 करोड़ रुपये की लागत आएगी और इसके पूरा होने पर हवाई अड्डे की क्षमता में वृद्धि होगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में नए सेवा तीर्थ में मंगलवार को आयोजित मंत्रिमंडल की प्रथम बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में आयोजित पत्रकार वार्ता में मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी दी।

वैष्णव ने बताया कि 73.18 एकड़ क्षेत्र में 71,500 वर्ग मीटर का नया टर्मिनल भवन बनाया जाएगा, जिसमें 20,659 वर्ग मीटर मौजूदा संरचना का उपयोग होगा। विमान पार्किंग क्षेत्र का विस्तार कर 15 विमान पार्किंग बे बनाए जाएंगे, जिनमें एक वाइडबॉडी (कोड ई) बे भी शामिल होगा। मल्टी-लेवल कार पार्किंग सुविधा में 1,000 कारों की क्षमता होगी।

नया टर्मिनल पीक आवर्स में 2,900 यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा और इसकी वार्षिक क्षमता 10 मिलियन यात्रियों तक होगी। परियोजना को 5-स्टार ग्रिहा (एकीकृत आवास मूल्यांकन की हरित रेटिंग) रेटिंग हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें पर्यावरण अनुकूल और टिकाऊ निर्माण पर जोर दिया जाएगा। इससे श्रीनगर की बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी और डल झील, शंकराचार्य मंदिर तथा मुगल गार्डन्स जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags