
क्विटो (इक्वाडोर), 24 फरवरी (हि.स.)। दक्षिण अमेरिका के इक्वाडोर के एक गांव में सैन्य वर्दी धारी हथियारबंद लोगों ने कम से कम सात लोगों की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार को पश्चिमी इक्वाडोर के एक गांव में हुई। यह ड्रग्स से जुड़ी हिंसा की नई घटना है।
द वाशिंगटन टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, इक्वाडोर ड्रग हिंसा से जूझ रहा है। इक्वाडोर में ऐसे हमले अकसर होते रहते हैं। यह हत्यागांड मनाबी गांव में हुआ। राष्ट्रपति डेनियल नोबोआ ने ड्रग विरोधी अभियानों की कमान सेना को सौंपी है। बावजूद इसके हिंसा नहीं थम सकी है।
पुलिस ने कहा कि सोमवार का हमला तड़के हुआ और सात लोग गोली लगने से मर गए। मृतकों में 16 साल का एक लड़का भी है। बताया गया है कि इक्वाडोर कोकीन तस्करी का एक बड़ा हब बन गया है। उल्लेखनीय है कि इक्वाडोर की राजधानी क्विटो दक्षिण अमेरिका में एंडीज पर्वत शृंखला के बीच 2,850 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। क्विटो अपने संरक्षित ऐतिहासिक पुराने शहर के लिए प्रसिद्ध है। इसे यूनेस्को ने विश्व धरोहर स्थल घोषित किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद