
काठमांडू, 24 फरवरी (हि.स.)। नेपाल में 5 मार्च को होने वाले संसदीय चुनावों के मद्देनजर मंगलवार को निर्वाचन आयोग ने उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों ने देशभर की समग्र कानून-व्यवस्था की स्थिति के बारे में जानकारी दी। इसके बाद निष्कर्ष निकाला गया कि आगामी चुनावों के लिए अब तक किसी प्रकार के सुरक्षा खतरे का संकेत नहीं मिला है।
निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता नारायण प्रसाद भट्टराई के अनुसार बैठक में चुनाव के दौरान उत्पन्न हो सकने वाली संभावित सुरक्षा चुनौतियों और उनसे निपटने के उपायों पर भी चर्चा की गई। बैठक में कहा गया कि चुनाव के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ है और अब तक कोई गंभीर चुनौती सामने नहीं आई है। सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों ने समिति को अवगत कराया कि वर्तमान सुरक्षा स्थिति मजबूत है तथा राजनीतिक दलों को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी गतिविधियाँ संचालित करने और मतदाताओं को बिना किसी भय के मतदान करने के लिए अनुकूल वातावरण बनाया गया है।
भट्टराई ने बताया कि कुछ स्थानों पर मामूली घटनाएं हुई थीं, लेकिन स्थानीय प्रशासन की सक्रिय भूमिका से किसी भी अप्रिय स्थिति को टाल दिया गया। उन्होंने कहा कि पूरे देश में माहौल धीरे-धीरे चुनावमय होता जा रहा है। प्रवक्ता ने यह भी जानकारी दी कि आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए सरकार से तीन दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की सिफारिश की है, ताकि वे अपने घर आ-जा कर मतदान कर सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इससे चुनाव में सक्रिय सहभागिता बढ़ेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास