छत्तीसगढ़ में हाई कोर्ट और बलौदाबाजार जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

युगवार्ता    25-Feb-2026
Total Views |
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट


एएसपी रजनेश सिंह उच्च न्यायालय परिसर में पुलिस कर्मियों के साथ


रायपुर, 25 फरवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में बिलासपुर उच्च न्यायालय और बलौदाबाजार जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला है। इसमें न्यायालय परिसर को निशाना बनाने की बात लिखी गई थी। पुलिस को जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

बिलासपुर जिला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह ने बताया कि सुबह 11 .50 बजे उच्च न्यायालय को संदिग्ध ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसके बाद से ही परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड को मौके पर भेजा गया। इसके साथ पूरे परिसर की जांच की गई। हालांकि जांच में कोई संदिग्ध वास्तु नहीं मिली है।

इसके अलावा बलौदाबाजार जिला न्यायालय के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कार्यालय को सुबह 11:01 बजे एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। बलोदा बाजार पुलिस ने बताया कि ईमेल में साइनाइड गैस और आरडीएक्स के माध्यम से न्यायालय परिसर को विस्फोट कर उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। प्रारंभिक जांच में यह ईमेल फर्जी पाया गया है। मेल में जज और अन्य लोगों को न्यायालय से बाहर निकालने की चेतावनी लिखी गई थी। परिसर की जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। प्रशासन ने एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की है।

पिछले कुछ महीनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में उच्च न्यायालयों और जिला न्यायालयों को इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल मिलते रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी कई जिलों में ऐसे मामले सामने आ चुके हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Tags