नेपाल संसदीय चुनाव : सेना की सुरक्षा में पहुंचाए गए बैलेट पेपर और बैलेट बॉक्स

युगवार्ता    25-Feb-2026
Total Views |
नेपाली सेना  की सुरक्षा में बैलेट पेपर


काठमांडू, 25 फरवरी (हि.स.)। नेपाली सेना ने आगामी 5 मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा सदस्य निर्वाचन के लिए सभी निर्वाचन क्षेत्रों में बैलेट पेपर और बैलेट बॉक्स सहित अन्य निर्वाचन सामग्री सुरक्षित पहुंचा दिया है।

सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल राजाराम बस्नेत के अनुसार सभी 77 जिलों में निर्वाचन सामग्री पहुंचाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार पांच जिलों में हवाई मार्ग से तथा अन्य जिलों में स्थल मार्ग से मतपत्र ढुलाई की गई है। सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि चुनावों में मतपत्र छपाई स्थल की सुरक्षा से लेकर काठमांडू से देशभर के निर्वाचन कार्यालयों तक मतपत्र ढुलाई का कार्य सुरक्षित तथा सफलतापूर्वक किया गया है। निर्वाचन के दौरान सेना तीसरे सुरक्षा घेर में रहकर सुरक्षा प्रदान करेगी। मतदान सम्पन्न होने के बाद अन्य सुरक्षा निकायों, निर्वाचन अधिकारियों तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों सहित एकीकृत टीम के साथ मतपेटिकाओं को मतगणना स्थल तक सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी भी सेना के ही पास है।

मतगणना के समय सेना गणना स्थल के बाहरी घेर में सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी। प्रवक्ता बस्नेत ने स्पष्ट किया कि आगामी चुनाव को सुरक्षित, भयमुक्त और निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए सेना सहित अन्य सुरक्षा निकाय पूर्ण रूप से सक्रिय हैं। एकीकृत सुरक्षा योजना के तहत सेना मतदान केंद्रों और मतगणना स्थलों की सुरक्षा, हवाई गश्त, संदिग्ध वस्तुओं को निष्क्रिय करने जैसे कार्य करेगी। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बल भी विभिन्न माध्यमों से तैनात किया जाएगा। चुनाव सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने के लिए स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित निकायों के साथ समन्वय कर देशभर में विभिन्न स्थानों पर बेस स्थापित कर नियमित गश्त की जा रही है।

उन्होंने बताया कि दुर्गम भौगोलिक क्षेत्रों में सड़कों और रास्तों पर जमी बर्फ हटाकर मार्ग खोलने, निर्वाचन सामग्री ढुलाई और आम जनता की सुविधा के लिए भी सेना सहयोग कर रही है। इसके अतिरिक्त कारागार, हवाईअड्डों तथा सरकारी कार्यालयों सहित 116 महत्वपूर्ण संरचनाओं की सुरक्षा में भी सेना तैनात है। चुनाव सुरक्षा गतिविधियों की केंद्रीय और स्थानीय स्तर पर निरंतर निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में प्रधानसेनापति अशोकराज सिग्देल विभिन्न कमांड सेंटरों और फील्ड में तैनात बलों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दे रहे हैं। प्रवक्ता बस्नेत ने बताया कि चुनाव आचार संहिता और मानवाधिकारों का पूर्ण पालन करते हुए सरकार, निर्वाचन आयोग, स्थानीय प्रशासन तथा अन्य सुरक्षा निकायों के साथ समन्वय कर सेना एकीकृत सुरक्षा योजना के अनुसार चुनाव सुरक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags