






नई दिल्ली, 26 फरवरी (हि.स.)। भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के विरोध में युवा कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश कर रहे 20 से अधिक नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।दिल्ली पुलिस ने जिन नेताओं को हिरासत में लिया उनमें प्रमुख रूप से दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव, युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास और ओडिशा के प्रभारी अजय कुमार लल्लू समेत 20 से अधिक नेता शामिल हैं। सभी को बस में बैठाकर वहां से पुलिस स्टेशन की तरफ ले जाया गया।युवा कांग्रेस ने चिब की गिरफ्तारी के विरोध में युवा कांग्रेस मुख्यालय के अंदर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा और कांग्रेस नेता उदित राज समेत बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने चुब की गिरफ्तारी को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए नारेबाजी की।प्रदर्शन के मद्देनजर युवा कांग्रेस मुख्यालय के बाहर बैरिकेडिंग की गयी थी। इस दौरान कई प्रदर्शनकारी कांग्रेस मुख्यालय से बाहर निकलकर सड़क पर प्रदर्शन करने का प्रयास करने लगे। कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और उसे पार कर सड़क पर पहुंच गए। इसके बाद श्रीनिवास, देवेंद्र यादव और अजय कुमार लल्लू समेत कई नेताओं ने सड़क पर लेट कर विरोध प्रदर्शन किया।उल्लेखनीय है कि दिल्ली में 16-21 फरवरी तक आयोजित एआई शिखर सम्मेलन में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उदय भानु चिब को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस ने उन्हें इस प्रदर्शन का मुख्य साजिशकर्ता बताया है। अदालत ने उन्हें चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर