वीर सावरकर की पुण्यतिथि पर लोक सभा अध्यक्ष समेत केंद्रीय मंत्रियों ने दी श्रद्धांजलि

युगवार्ता    26-Feb-2026
Total Views |
राष्ट्रवादी चिंतक विनायक दामोदर सावरकर (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 26 फ़रवरी (हि.स.)। महान क्रांतिकारी एवं प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक विनायक दामोदर सावरकर की पुण्यतिथि पर लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्रियों और राज्यों के नेताओं ने उन्हें भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का अद्वितीय योद्धा बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने स्वातंत्र्यवीर सावरकर को भारतीय स्वाधीनता आंदोलन में अपना सर्वस्व अर्पित करने वाला महान क्रांतिकारी बताते हुए नमन किया।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि सावरकर आजादी के आंदोलन के उन नायकों में थे जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत से राजनीतिक स्वतंत्रता के साथ-साथ सांस्कृतिक स्वाधीनता के लिए भी संघर्ष किया।

उन्होंने कहा कि सावरकर ने अपने क्रांतिकारी विचारों से स्वतंत्रता आंदोलन को वैचारिक आधार प्रदान किया और देश से लेकर इंग्लैंड तक अपने साहसिक अभियानों से युवाओं को प्रेरित किया।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने उन्हें प्रखर राष्ट्रप्रेम और अतुलनीय प्रतिभा का अद्वितीय संगम बताते हुए स्मृतिदिन पर विनम्र अभिवादन किया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सावरकर के अदम्य साहस, अद्वितीय त्याग और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण को भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का गौरवपूर्ण अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि उनके ओजस्वी विचार आज भी करोड़ों देशवासियों को प्रेरित करते हैं।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सावरकर को त्याग, तप और तर्क की प्रतिमूर्ति बताते हुए कहा कि उनका संघर्ष और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की परिकल्पना आज भी राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध और आत्मगौरव की प्रेरणा देती है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि लंदन के इंडिया हाउस से लेकर सेल्युलर जेल की कालकोठरी तक सावरकर का जीवन राष्ट्रचेतना के पुनर्जागरण की गाथा है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें ओजस्वी क्रांतिकारी और तेजस्वी विचारक बताते हुए कहा कि राष्ट्र की स्वतंत्रता और सांस्कृतिक अखंडता के लिए उनका त्याग भारत के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि वीर सावरकर का संपूर्ण जीवन राष्ट्र के प्रति अनन्य निष्ठा की अमर गाथा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Tags