
इंफाल, 26 फरवरी (हि.स.)। मणिपुर में उग्रवादियों के विरूद्ध पुलिस एवं सुरक्षा बलों का धर-पकड़ अभियान राज्य के विभिन्न हिस्सों में जारी है। इस कड़ी में उग्रवादी संगठन केसीपी (एमएफएल) से सांठगांठ करने के आरोप में एक पुलिस कॉन्स्टेबल ड्राइवर, उग्रवादी संगठन प्रीपाक के कैडर और उसकी साथी तथा एक आरपीएफ/पीएलए कैडर को गिरफ्तार किया गया है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा आज दी गयी जानकारी के अनुसार मणिपुर पुलिस के एक कॉन्स्टेबल ड्राइवर कॉन्गखम सनाजोबा सिंह उर्फ इबोमचा (43) को गिरफ्तार किया गया है। इबोमचा को बिष्णुपुर जिले के नरेंद्र थानांतर्गत उट्लौ चानुरा से उसे गिरफ्तार गया है। मणिपुर पुलिस विभाग में सेवा देने के बावजूद गिरफ्तार किए गए व्यक्ति का केसीपी (एमएफएल) के लिए सक्रिय सदस्य के रूप में कैडरों की भर्ती में शामिल होना पाया गया।
दूसरी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने एक जबरन वसूली करने वाले उग्रवादी संगठन प्रीपाक के सक्रिय सदस्य नाहकपाम शिबानंद सिंह उर्फ अमुथोई (32) को गिरफ्तार किया है। आरोपित इंफाल वेस्ट जिला के सिंगडमेई थानांतर्गत इलाके से गिरफ्तार किया गया।
उसके एक साथी, जिसने वसूली के पैसे के लेन-देन में उसकी मदद करने वाली इंफाल वेस्ट जिला क्वाकेइथेल न्गानापिथोंग मपाल निवासी देवीया मोंगजाम (29) को भी उनके निवास स्थान से गिरफ्तार किया गया। उनसे दो मोबाइल फोन, एक आईपैड और एक आधार कार्ड जब्त किए गए।
तीसरे अभियान में सुरक्षा बलों ने आरपीएफ/पीएलए के एक सक्रिय कैडर चिंगखाम रॉकी सिंह उर्फ सनथोई उर्फ इपुंबा (38) को गिरफ्तार किया गया। आरोपित थौबल जिला के सेकमाई थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है। उसके पास से एक मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सुरक्षा बल जिलों के अंदरुनी और संवेदनशील क्षेत्रों में तलाशी अभियान और क्षेत्र नियंत्रण जारी रखे हुए हैं। मणिपुर के विभिन्न जिलों में पुलिस ने बुधवार को पहाड़ों और घाटी दोनों में कुल 115 नाका एवं चेक प्वाइंट स्थापित किए गए थे, हालांकि किसी को भी हिरासत में नहीं लिया गया।
राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर आवश्यक सामान ले जाने वाले 199 वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित की गई है। सभी संवेदनशील स्थानों में कड़े सुरक्षा उपाय किए गए हैं और वाहनों की स्वतंत्र और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील मार्गों में सुरक्षा काफिला प्रदान किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय