
तमिलनाडु बॉक्स ऑफिस में बड़ा खेल हो गया है। रॉकिंग स्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ की तमिलनाडु डिस्ट्रीब्यूशन डील 63 करोड़ रुपये एडवांस पर कमीशन बेसिस में लॉक हो गई है। हाल के वर्षों में यह राज्य की सबसे बड़ी डील्स में से एक मानी जा रही है। ट्रेड सर्किल में इसे आने वाली सबसे बड़ी रिलीज में शुमार किया जा रहा है।
मल्टी-डिस्ट्रीब्यूटर रणनीति से होगी रिलीज
पूरे तमिलनाडु में फिल्म को मल्टी-डिस्ट्रीब्यूटर मॉडल के साथ रिलीज किया जाएगा। चेन्नई सिटी की जिम्मेदारी थिंक स्टूडियोज के स्वरूप रेड्डी संभालेंगे, जबकि चेंगलपट्टू एरिया व्हाइट नाइट्स के ट्राइडेंट रवि के पास रहेगा। कोयंबटूर, नॉर्थ और साउथ आर्कोट, तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी सर्किट एस पिक्चर श्रीनिवासन देखेंगे। वहीं मदुरै-रामनाड, त्रिची-तंजावुर और सलेम सर्किट 5 स्टार सेंथिल के जिम्मे होंगे। यह सुनियोजित टेरिटोरियल मॉडल सिंगल स्क्रीन से लेकर मल्टीप्लेक्स चेन तक व्यापक पहुंच सुनिश्चित करेगा।
'केजीएफ 2' की सफलता का असर
ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस बड़ी डील के पीछे 'केजीएफ: चैप्टर 2' की ऐतिहासिक सफलता और तमिलनाडु में यश की मजबूत लोकप्रियता अहम वजह है। दर्शकों ने उनकी स्क्रीन प्रेजेंस और स्टाइल को खुले दिल से अपनाया है, जो अब भी थिएट्रिकल मार्केट में मजबूत असर दिखा रहा है।
बहुभाषी रिलीज, 19 मार्च 2026 को ग्लोबल प्रीमियर
फिल्म की कहानी यश और गीतू मोहनदास ने मिलकर लिखी है, जबकि निर्देशन भी गीतू मोहनदास ने किया है। इसे कन्नड़ और अंग्रेजी में साथ-साथ शूट किया गया है, जबकि हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम समेत कई भाषाओं में डब वर्जन भी रिलीज होंगे। केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के बैनर तले बनी यह फिल्म 19 मार्च 2026 को वैश्विक स्तर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। 63 करोड़ रुपये की एडवांस डील और मजबूत वितरण नेटवर्क के साथ 'टॉक्सिक' तमिलनाडु में ग्रैंड ओपनिंग के लिए पूरी तरह तैयार मानी जा रही है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे