मालामाल वीकली का बनेगा सीक्वल

युगवार्ता    27-Feb-2026
Total Views |
मालामाल वीकली - पोस्टर


वर्ष 2006 में रिलीज हुई कॉमेडी फिल्म 'मालामाल वीकली' की दूसरी किस्त पर काम शुरू होने की खबर है। रितेश देशमुख, परेश रावल और राजपाल यादव अभिनीत इस फिल्म ने अपने अनोखे हास्य और ग्रामीण पृष्ठभूमि के कारण दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई थी। अब लगभग दो दशक बाद इसके सीक्वल की तैयारी फैंस के लिए बड़ी खबर मानी जा रही है।

नया प्लॉट, अलग किरदार

रिपोर्ट्स के अनुसार, 'मालामाल वीकली 2' को लेकर कलाकारों से बातचीत शुरू हो चुकी है। टीम को दूसरे भाग के लिए एक मजबूत और रोचक आइडिया मिला है। हालांकि यह सीधे तौर पर पहले भाग की कहानी का विस्तार नहीं होगा। इस बार नए किरदार और नई पृष्ठभूमि होगी, लेकिन कहानी की मूल भावना, लालच और ग्रामीण परिवेश से जुड़ी हास्य स्थितियां, पहले भाग जैसी ही रहेंगी।

परेश रावल ने दिखाई रुचि

सूत्रों के मुताबिक परेश रावल ने फिल्म के लिए अपनी सहमति जता दी है, हालांकि अभी औपचारिक अनुबंध पर हस्ताक्षर नहीं हुए हैं। राजपाल यादव और रितेश देशमुख से भी बातचीत जारी है। मूल फिल्म की कहानी एक ऐसे गांव के इर्द-गिर्द घूमती थी, जहां एक व्यक्ति की एक करोड़ रुपये की लॉटरी लगने के बाद उसकी अचानक मृत्यु हो जाती है। इसके बाद गांववाले लॉटरी की रकम हासिल करने के लिए अजीबोगरीब और हास्यास्पद चालें चलते हैं। फिल्म में दिवंगत अभिनेता ओम पुरी ने भी अहम भूमिका निभाई थी। अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि 'मालामाल वीकली 2' पहले भाग की तरह हंसी का वही जादू दोहरा पाती है या नहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags