रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीज़न में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ बने आकिब नबी

युगवार्ता    27-Feb-2026
Total Views |
जम्मू कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी


नई दिल्ली, 27 फ़रवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 सत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। उन्होंने इस सत्र में कुल 60 विकेट लेकर मौजूदा रणजी ट्रॉफी अभियान के सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बनने का गौरव हासिल किया।

रणजी ट्रॉफी के इस सत्र में आकिब नबी ने कर्नाटक के खिलाफ मुकाबले में 54 रन देकर पांच विकेट झटके। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने कर्नाटक की टीम केवल 293 रनों पर सिमट गई और जम्मू-कश्मीर की पहली पारी के 584 रनों के विशाल स्कोर से काफी पीछे रह गई।

इस उपलब्धि के साथ आकिब नबी टूर्नामेंट के 92 वर्षों के इतिहास में एक ही सत्र में 60 विकेट लेने वाले केवल तीसरे तेज गेंदबाज बन गए हैं। यह उनके लिए घरेलू क्रिकेट में एक यादगार उपलब्धि मानी जा रही है।

इस सत्र में यह उनका सातवां पांच विकेट हॉल रहा, जबकि रणजी करियर का यह 15वां पांच विकेट हॉल है। आकिब नबी ने यह ऐतिहासिक मुकाम कर्नाटक के बल्लेबाज शिखर शेट्टी को आउट कर हासिल किया। इससे पहले उन्होंने कर्नाटक के कप्तान मयंक अग्रवाल को भी पगबाधा आउट किया, जिन्होंने 160 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की थी।

आकिब नबी के इस प्रदर्शन से जम्मू-कश्मीर की टीम को मजबूत बढ़त मिली और उनके इस शानदार सत्र की चर्चा पूरे घरेलू क्रिकेट जगत में हो रही है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags