तमिलनाडु विधानसभा चुनाव-2026 देश के लिए बनेगा आदर्श उदाहरण : ज्ञानेश कुमार

युगवार्ता    27-Feb-2026
Total Views |
मुख्य चुनाव अधिकारी ज्ञानेश कुमार की प्रेस कॉन्फ्रेंस


चेन्नई, 27 फ़रवरी (हि.स.)। तमिलनाडु में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव-2026 को लेकर चुनाव आयोग ने अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि राज्य में होने वाला आगामी विधानसभा चुनाव पूरे देश के लिए एक आदर्श उदाहरण साबित होगा।

दो दिवसीय दौरे पर चेन्नई पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ चुनावी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। दिल्ली लौटने से पूर्व उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए चुनाव प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कानून के दायरे में संपन्न कराए जाएंगे। मतदान प्रक्रिया को सुरक्षित एवं विश्वसनीय बनाने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी। मतदान केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा और उनके सुरक्षित रख-रखाव के लिए अलग व्यवस्था की जाएगी।

ज्ञानेश कुमार ने बताया कि मतदान कर्मियों को पहचान पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे कि वे बिना किसी दबाव या भय के स्वतंत्र रूप से कार्य कर सकें। मतदान की प्रगति से संबंधित जानकारी प्रत्येक दो घंटे में ऑनलाइन अपलोड की जाएगी। फर्जी खबरों और भ्रामक सूचनाओं पर रोक लगाने के लिए सोशल मीडिया की सतत निगरानी की जाएगी तथा आवश्यक होने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि राज्य में लगभग 75 हजार मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां मतदाताओं के लिए सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस बार इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के उम्मीदवारों के रंगीन चित्र भी प्रदर्शित किए जाएंगे, जिससे मतदाताओं को पहचानने में सुविधा होगी।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि मतदान समाप्त होने के 72 घंटे के भीतर सभी चुनावी आंकड़े आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे। मतों में किसी प्रकार की विसंगति की शिकायत मिलने पर तत्काल वीवीपैट पर्चियों की गिनती कराई जाएगी। अंतिम दो चरणों के मतदान से पूर्व ही डाक मतपत्रों की गणना प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष नवंबर में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण किया गया था, जिसके तहत मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए गए। इसके बाद राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 6.41 करोड़ से घटकर 5.67 करोड़ रह गई है। इनमें 2.77 करोड़ पुरुष, 2.89 करोड़ महिला तथा 7,617 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। आगामी चुनाव में लगभग 12.50 लाख मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

ज्ञानेश कुमार ने तमिलनाडु के मतदाताओं को तमिल भाषा में शुभकामनाएं देते हुए लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।

चुनाव संबंधी जानकारी के लिए आम नागरिक जिला संपर्क केंद्रों के टोल-फ्री नंबर 1950 तथा मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-4252-1950 पर संपर्क कर सकते हैं। चुनाव आयोग ने मतदाताओं से जागरूक रहकर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Tags