
कोलकाता, 27 फरवरी (हि.स.)। प्रसिद्ध एथलीट और अंतरराष्ट्रीय हेप्टाथलॉन खिलाड़ी स्वप्ना बर्मन ने शुक्रवार काे आधिकारिक रूप से तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच उनका खेल जगत से राजनीति में प्रवेश एक अहम बदलाव माना जा रहा है।
स्वप्ना बर्मन 2018 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता रही हैं। इसके अलावा उन्होंने 2017 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक हासिल किया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के जमीनी संघर्ष और कार्यशैली से प्रेरित होकर उन्होंने राजनीति में कदम रखने का निर्णय लिया है।
तृणमूल कांग्रेस मुख्यालय में राज्य के मंत्री ब्रात्य बसु और चंद्रिमा भट्टाचार्य ने उनका स्वागत किया। ब्रात्य बसु, जो एक जाने-माने नाटककार और अभिनेता भी हैं, ने स्वप्ना बर्मन की वास्तविक उपलब्धियों की तुलना चर्चित खेल फिल्मों से करते हुए उत्साहपूर्वक कहा, “चक दे स्वप्ना।”
तृणमूल भवन में पार्टी की सदस्यता लेने के बाद स्वप्ना बर्मन ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कई तरह के विकास कार्यों ने मुझे बहुत प्रेरित किया है। आज, मैं उनके काम में शामिल होने के लिए तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुई हूं। स्वपना बर्मन का पार्टी में आना इसी बात का संकेत है।
पिछले कुछ समय से यह अफवाह थी कि स्वप्ना बर्मन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होंगी। साथ ही वह उम्मीदवार भी होंगी। स्वप्ना ने उन सभी अफवाहों पर विराम लगाते हुए तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया।
गौरतलब है कि, स्वप्ना बर्मन के सियासी ट्रैक पर उतरने को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही थीं। पिछले जनवरी में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सिलीगुड़ी का दौरा किया था और वहां 'महाकाल महातीर्थ' की आधारशिला रखी थी। उस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वप्ना का खास स्वागत किया था। मंच पर उनकी लंबी बातचीत ने राजनीतिक गलियारों में उनका ध्यान खींचा था। तब से ही ऐसी अफवाह थीं कि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर की एथलीट राजनीतिक ट्रैक पर उतरने जा रही है।
वहीं, इस संबंध में राजनीतिक जानकाराें का कहना है कि उतर बंगाल में सिलीगुढ़ी के शाही परिवार की वंशज स्वप्ना के आने से आने वाले चुनावों में डूआर्स और उतर बंगाल के बड़े इलाकों में सत्तारुढ़ पार्टी को और ज़्यादा लाभ मिलेगा।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर