
बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता राजपाल यादव ने अपने जीवन के चुनौतीपूर्ण दौर के बीच एक नई शुरुआत की है। चेक बाउंस मामले में अंतरिम जमानत मिलने के तुरंत बाद उन्होंने अपना आधिकारिक यूट्यूब चैनल 'राजपाल नौरंग यादव' लॉन्च किया है। एक भावुक वीडियो संदेश के जरिए अभिनेता ने अपने प्रशंसकों का आभार जताते हुए इस नए डिजिटल सफर की घोषणा की।
राजपाल ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में कहा कि वह लंबे समय से इस नई शुरुआत की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने फैंस से आशीर्वाद मांगते हुए कहा कि उनका यह यूट्यूब चैनल हर उम्र के दर्शकों के लिए साफ-सुथरा और पारिवारिक मनोरंजन लेकर आएगा। अभिनेता ने यह भी स्पष्ट किया कि यह मंच सिर्फ उनका नहीं, बल्कि उनके सभी चाहने वालों का है।
उन्होंने कहा कि उनके चैनल का उद्देश्य दर्शकों को सकारात्मक और 'स्वस्थ मनोरंजन' प्रदान करना है, जिससे उन्हें सुकून और खुशी का अनुभव हो। राजपाल ने अपने प्रशंसकों से चैनल को सब्सक्राइब और ज्यादा से ज्यादा शेयर करने की अपील भी की।
हालांकि, इस नई शुरुआत के बीच उनका पुराना कानूनी विवाद अभी भी जारी है। यह मामला साल 2010 का है, जब फिल्म 'अता पता लापता' के निर्माण के दौरान उन्होंने एक कारोबारी से ऋण लिया था। बाद में कर्ज से जुड़े चेक बाउंस होने पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया, जो अब तक चल रहा है।
गौरतलब है कि राजपाल यादव ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म 'दिल क्या करे' से की थी और अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग से उन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। फिर हेरा फेरी, भागम भाग, ढोल और दे दना दन जैसी फिल्मों में उनके किरदार आज भी दर्शकों को गुदगुदाते हैं।
आने वाले समय में राजपाल यादव अक्षय कुमार के साथ 'वेलकम टू द जंगल' और 'भूत बंगला' जैसी फिल्मों में नजर आएंगे, जिनसे दर्शकों को एक बार फिर उनकी कॉमेडी का जलवा देखने को मिलेगा।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे