फरक्का में नया चार लेन पुल जल्द होगा तैयार, दशकों पुरानी जाम की समस्या से मिलेगी राहत

युगवार्ता    28-Feb-2026
Total Views |
फरक्का नदी पर बना पुल


नई दिल्ली, 28 फरवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल स्थित फरक्का में गंगा नदी पर बन रहा नया चार लेन का पुल अब लगभग तैयार है और जल्द ही लोगों को दशकों से चली आ रही जाम की समस्या से राहत मिलने वाली है। 5.468 किलोमीटर लंबे इस पुल का 96 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसे 622.04 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बताया कि फरक्का बैराज, जो 1960 के दशक में बना था, अब लगभग 70 साल पुराना हो चुका है और मालदा, मुर्शिदाबाद एवं उत्तर बंगाल को जोड़ने वाले भारी वाहन दबाव को संभालने में सक्षम नहीं है। रोजाना सफर करने वाले शिक्षक और छात्र बताते हैं कि उन्हें घंटों जाम में फंसना पड़ता है। नया पुल इस समस्या को दूर करेगा और लोगों का कीमती समय बचाएगा।

यह पुल न सिर्फ यातायात को सुगम बनाएगा बल्कि उत्तर और दक्षिण बंगाल के बीच माल और कृषि उत्पादों की आवाजाही को भी आसान करेगा। मालदा और मुर्शिदाबाद के प्रसिद्ध आम और लीची अब देशभर और विदेशों तक ताजे और समय पर पहुंच सकेंगे।

स्थानीय लोग भी पुल को लेकर उत्साहित हैं। फरक्का निवासी नफीसा ने कहा कि परीक्षा और मेडिकल इमरजेंसी के समय जाम से बड़ी परेशानी होती है, नया पुल इस चिंता को दूर करेगा। वहीं लॉजिस्टिक्स कारोबारी आसिफ हुसैन ने कहा कि पुल से कारोबार को नई गति मिलेगी, ट्रिप रोटेशन बढ़ेगा और मुनाफा भी मजबूत होगा।

पर्यटन के लिहाज से भी यह पुल अहम साबित होगा। इससे उत्तर बंगाल के प्रमुख पर्यटन स्थलों कुलिक बर्ड सेंचुरी, गौर मालदा, अदीना मस्जिद और पहाड़ी इलाकों जैसे दार्जिलिंग, कुरसियांग, कालिम्पोंग और सिक्किम तक पहुंच आसान होगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags