पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ ने किए बाबा महाकाल के दर्शन, भस्म आरती में हुए शामिल

युगवार्ता    28-Feb-2026
Total Views |
महाकालेश्वर मंदिर में पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ का सम्मान करते हुए


महाकालेश्वर मंदिर में पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़


उज्जैन, 28 फरवरी (हि.स.)। पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शनिवार को उज्जैन पहुंचकर विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए। उन्होंने करीब दो घंटे तक नंदी हाल में बैठकर भगवान महाकाल का जाप किया और प्रातःकालीन भस्म आरती में सहभागिता कर बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।

पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ तड़के (चार बजे) निर्धारित समय पर महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ज्योतिर्लिंग भगवान महाकाल के दर्शन किए और भस्म आरती की दिव्य व्यवस्था को श्रद्धा भाव से निहारा। इस दौरान उन्होंने भगवान महाकाल से देश की तरक्की, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। आरती के बाद उन्होंने देहरी से दर्शन कर बाबा महाकाल को जल अर्पित किया। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने धनखड़ का स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें प्रसाद एवं स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया।

पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ ने बाबा महाकाल के दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि देश में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। धार्मिक स्थलों पर बेहतर प्रबंधन और विकास कार्य प्रशंसनीय हैं। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां आकर मन को अद्भुत शांति का अनुभव होता है। महाकाल के दरबार में आने से अहंकार, ईर्ष्या और प्रतिशोध जैसी भावनाओं का त्याग हो जाता है। उन्होंने बताया कि सभी स्वस्थ और खुशहाल रहें, मैंने देश की प्रगति और खुशहाली की कामना की है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags