नेपाल में पशुपतिनाथ मंदिर से आरएसपी ने शुरू किया रोड शो

युगवार्ता    28-Feb-2026
Total Views |
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने और नेता बालेन शाह


काठमांडू, 28 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) ने प्रतिनिधि सभा चुनाव के मद्देनजर काठमांडू में शनिवार को रोड शो किया, जिसकी शुरूआत पशुपतिनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ की गयी। आरएसपी अध्यक्ष रवि लामिछाने और प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बालेन शाह ने एक साथ रोड शो में हिस्सा लिया।

यह अभियान शनिवार सुबह पशुपतिनाथ मंदिर प्रांगण से प्रारंभ हुआ और शाम को बनस्थली चौक स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय पर समापन होने की योजना है।

काठमांडू निर्वाचन क्षेत्र नंबर 9 से पार्टी के उम्मीदवार तथा पार्टी उपाध्यक्ष दीपी अर्याल ने कहा कि पशुपतिनाथ मंदिर से अभियान की शुरुआत करना सांस्कृतिक और प्रतीकात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह स्थल देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। उन्होंने कहा कि ‘घंटी घर’ तक रैली का समापन पार्टी की पहचान और संगठनात्मक एकता को दर्शाने का प्रयास है।

रोड शो के तहत पूरे दिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के प्रमुख सड़कों और चौराहों पर रैलियों का आयोजन किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क किया और पार्टी का चुनाव चिह्न ‘घंटी’ के पक्ष में समर्थन मांगा।

राजधानी क्षेत्र में कुल १५ संसदीय क्षेत्र है जिनमें काठमांडू में १०, ललितपुर में ३ और भक्तपुर में २ सीटें हैं। आज हुए रोड शो को आगामी चुनाव से पहले मतदाताओं के बीच पार्टी की उपस्थिति मजबूत करने और प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags