यूएई में दूतावास ने नेपाली नागरिकों को सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर आगाह किया

युगवार्ता    01-Mar-2026
Total Views |
यू ए ई में रहा नेपाली दूतावास और जारी एडवाइजरी


काठमांडू, 01 मार्च (हि.स.)। संयुक्त अरब अमीरात में नेपाली दूतावास ने यूएई में विकसित हो रही परिस्थितियों के संदर्भ में वहां निवास कर रहे समस्त नेपाली समुदाय से सोशल मीडिया के माध्यम से अपुष्ट और भ्रामक सामग्री साझा न करने का आग्रह किया है।

दूतावास ने ‘एडवाइजरी-2’ जारी करते हुए अज्ञात स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं, अफवाहों या आधिकारिक रूप से पुष्टि न की गई सामग्रियों को प्रकाशित या प्रसारित न करने की अपील की है। परामर्श में कहा गया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या अन्य तकनीकी माध्यमों से अपुष्ट सामग्री साझा करने से सुरक्षा स्थिति को लेकर भ्रम और अनिश्चितता उत्पन्न हो सकती है, इसलिए सभी को ऐसे कार्यों से बचने के लिए सचेत किया गया है। यह भी कहा गया है कि यूएई के संबंधित निकाय पहले ही चेतावनी दे चुके हैं कि इस प्रकार की गतिविधियां कानून के अनुसार दंडनीय हैं। अतः वहां रह रहे नेपाली नागरिकों से स्थानीय कानूनों का पूर्ण पालन करने और अफवाह फैलाने से दूर रहने का अनुरोध किया गया है।

दूतावास ने विकसित परिस्थितियों से संबंधित सही और आधिकारिक जानकारी प्राप्त करने के लिए यूएई सरकार के आधिकारिक निकायों की वेबसाइट और सूचनाओं के माध्यम से ही अपडेट लेने की सलाह दी है। केवल यूएई के सरकारी निकायों द्वारा जारी सूचनाओं और अपडेट को ही आधार मानने का आग्रह किया गया है। इससे पहले भी दूतावास ने पहली एडवाइजरी जारी करके अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags