एलिसा हीली ने शतक के साथ वनडे क्रिकेट को कहा अलविदा, ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 185 रन से हराया

युगवार्ता    01-Mar-2026
Total Views |
शतक लगाने के बाद जश्न मनाती अलिसा हिली


- ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में किया क्लीन स्वीप

होबार्ट, 01 मार्च (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया की कप्तान एलिसा हीली ने अपने अंतिम वनडे मुकाबले में 158 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को भारत के खिलाफ 185 रन की बड़ी जीत दिलाई। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ तीन मैचों की वनडे श्रृंखला 3-0 से जीत ली।

बेलरीव ओवल में खेले गए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 409 रन बनाए, जो घरेलू मैदान पर उसका पहला 400 से अधिक का स्कोर है। हीली के अलावा बेथ मूनी ने 84 गेंदों पर नाबाद 106 रन बनाए।

अंत में निकोला कैरी ने 15 गेंदों में नाबाद 34 रन की तेज पारी खेली।

भारत की ओर से स्नेह राणा (44 रन) ने सर्वाधिक योगदान दिया, लेकिन टीम 45.1 ओवर में 224 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से अलाना किंग ने 4 विकेट झटके और भारतीय बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया।

टॉस जीतकर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पहले गेंदबाजी चुनी। हीली ने 98 गेंदों में 158 रन की पारी खेलते हुए 79 गेंदों में शतक पूरा किया। यह उनका वनडे करियर का आठवां शतक रहा। उनकी इस पारी के दौरान उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।

410 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। स्मृति मंधाना बिना खाता खोले आउट हो गईं। जेमिमा रोड्रिग्स (42 रन) ने कुछ आक्रामक शॉट लगाए, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। हरलीन देओल (14 रन) रन आउट हुईं और हरमनप्रीत कौर 25 रन बनाकर आउट हो गईं।

मध्यक्रम में दीप्ति शर्मा (29 रन) और स्नेह राणा ने थोड़ी देर संघर्ष किया, लेकिन लक्ष्य काफी बड़ा था। अंततः ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने भारत को 46वें ओवर में समेट दिया।

इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने बहु-प्रारूप श्रृंखला में 8-4 की बढ़त बना ली है और अब दोनों टीमें पर्थ में खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच की तैयारी करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags