टी-20 विश्व कप से बाहर होने के बाद सनथ जयसूर्या ने श्रीलंका के मुख्य कोच पद से हटने का किया ऐलान

युगवार्ता    01-Mar-2026
Total Views |
सनथ जयसूर्या


कैंडी, 01 मार्च (हि.स.)। सनथ जयसूर्या ने टी-20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 चरण से बाहर होने के बाद श्रीलंका क्रिकेट टीम के मुख्य कोच पद से इस्तीफा देने की घोषणा की है। श्रीलंका को शनिवार रात पाकिस्तान के खिलाफ पांच रन से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद जयसूर्या ने अपने फैसले की जानकारी दी।

जयसूर्या ने मैच के बाद कहा, “मैंने सोचा कि यह जिम्मेदारी किसी और को दे देनी चाहिए। दो महीने पहले इंग्लैंड सीरीज के दौरान ही मैंने संकेत दे दिया था कि मैं आगे इस पद पर बने रहने की योजना नहीं बना रहा हूं। मेरा इरादा था कि विश्व कप के बाद अच्छे नोट पर विदाई लूं, लेकिन वैसा नहीं हो सका। इसका मुझे अफसोस है।”

हालांकि, उनका अनुबंध जून 2026 तक है, लेकिन उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह 13 से 25 मार्च तक खेले जाने वाली अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी सीमित ओवरों की सीरीज में टीम की कमान संभालेंगे या नहीं। उन्होंने कहा कि इस बारे में अभी श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड से औपचारिक चर्चा नहीं हुई है, लेकिन वह जल्द ही बातचीत करेंगे।

जुलाई, 2024 से टीम की कमान संभाल रहे जयसूर्या का कार्यकाल उतार-चढ़ाव भरा रहा। उनके नेतृत्व में श्रीलंका ने घरेलू मैदान पर भारत के खिलाफ ऐतिहासिक एकदिवसीय श्रृंखला जीती और इंग्लैंड में टेस्ट मैच भी अपने नाम किया। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में टीम को एकदिवसीय रैंकिंग में चौथे स्थान तक पहुंचाया गया, टेस्ट टीम को छठे और टी-20 टीम को भी छठे स्थान तक ले जाया गया। इस दौरान टीम की कुल जीत प्रतिशत करीब 50 प्रतिशत रही।

हालांकि, टी-20 विश्व कप में निराशाजनक अंत को लेकर जयसूर्या ने माना कि टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी। श्रीलंका ने ग्रुप चरण में ऑस्ट्रेलिया को हराकर शानदार शुरुआत की थी, लेकिन इसके बाद लगातार चार मैच गंवाए, जिनमें सुपर 8 के तीन मुकाबले शामिल थे।

जयसूर्या ने आगे कहा कि टीम को लगातार बेहतर प्रदर्शन की जरूरत है और बल्लेबाजी व गेंदबाजी दोनों विभागों में दबाव में अच्छा खेल दिखाना होगा। उन्होंने बड़ी संख्या में समर्थन देने पहुंचे प्रशंसकों से माफी मांगते हुए कहा कि क्रिकेट ही देश का सबसे बड़ा खेल है और दर्शकों की भावनाओं को समझना टीम की जिम्मेदारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags