
राष्ट्र निर्माण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है: आरके द्विवेदी
हरिद्वार, 01 मार्च (हि.स.)। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) हरिद्वार के रक्षा एवं एयरोस्पेस विभाग की निर्मित 52वीं नेवल गन की खेप गोवा शिपयार्ड लिमिटेड के लिए रवाना किया गया। रविवार काे बीएचईएल के निदेशक (वित्त) आरके द्विवेदी ने हरिद्वार इकाई के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस माैके पर निदेशक (वित्त) द्विवेदी ने कहा कि बीएचईएल की विकसित यह नेवल गन, देश की सामरिक क्षमताओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि बीएचईएल ने ऊर्जा एवं औद्योगिक क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता के साथ-साथ, रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भी उत्कृष्टता स्थापित की है। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार ने बताया कि यह नेवल गन 35 किलोमीटर के दायरे में हवा, पानी और समुद्र में विभिन्न प्रकार के लक्ष्यों को भेद सकती है। साथ ही लक्ष्य की स्थिति के आधार पर, विभिन्न प्रकार के गोला–बारूद का चयन करने में भी सक्षम है।
इस अवसर पर राजेश कुमार द्विवेदी ने मानव संसाधन विकास केंद्र तथा इसके परिसर में स्थित वेल्डिंग स्कूल भवन में लगाए गए 300 किलोवॉट रूफ टॉप सोलर पॉवर प्लांट का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि इस पॉवर प्लांट से न केवल विद्युत लागत में बचत होगी, बल्कि कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी और ‘हरित भारत’ के लक्ष्य को नई गति मिलेगी।
विदित हो कि बीएचईएल हरिद्वार में वित्त प्रमुख एवं ऑडिटर्स सम्मेलन का भी आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में कंपनी की विभिन्न इकाइयों, कॉर्पोरेट कार्यालय तथा पावर सेक्टर्स के वित्त प्रमुखों एवं ऑडिटर्स ने भाग लिया ।
इन अवसरों पर कॉर्पोरेट कार्यालय की कार्यपालक निदेशक एच. मालती एवं केजी विजयलक्ष्मी, बीएचईएल हरिद्वार के महाप्रबंधक के. कृष्णमोहन, संतोष कुमार गुप्ता तथा राहुल मिश्रा सहित अन्य महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला