गैस संकट पर हंगामे से लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित

युगवार्ता    12-Mar-2026
Total Views |
लोकसभा


नई दिल्ली, 12 मार्च (हि.स.)। गैस सिलेंडर संकट के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही गुरुवार को दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई। इसके पहले 12 बजे तक स्थगित की गयी थी।

लोकसभा की कार्यवाही पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होने पर विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी शुरू कर दी। अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों से सदन की कार्यवाही चलने देने का आग्रह किया, लेकिन विपक्ष के न मानने पर कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी गयी। कार्यवाही फिर शुरू हुई तो अध्यक्ष ओम बिरला ने करीब आधे घंटे तक सदन को संबोधित किया। इसके बाद ऊर्जा राज्यमंत्री यशोपद नाईक, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टमटा, संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल और जल शक्ति राज्यमंत्री राजभूषण चौधरी समेत कई मंत्रियों ने अपने-अपने विभाग से जुड़े प्रश्नों के उत्तर सदन के पटल पर रखे। इस दौरान विपक्षी सदस्यों की नारेबाज़ी जारी रही और पोस्टर लहराए गए। लगातार हंगामे के कारण कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गयी।

उल्लेखनीय है कि ओम बिरला अपने खिलाफ विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव के खारिज होने के एक दिन बाद गुरुवार को लोकसभा अध्यक्ष के आसन पर विराजे।

संसद के मौजूदा बजट सत्र में विपक्ष महंगाई, एलपीजी गैस संकट, हवाई किराए में बढ़ोतरी और टेलीकॉम कंपनियों की नीतियों जैसे मुद्दों पर लगातार सरकार को घेर रहा है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags