मणिपुर के चुराचांदपुर और थौबल जिलों से भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद

युगवार्ता    12-Mar-2026
Total Views |
मणिपुर के चुराचांदपुर और थौबल जिलों से बरामद भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद, तलाशी अभियान चलाते सुरक्षा कर्मी


इंफाल, 12 मार्च (हि.स.)। मणिपुर के अलग-अलग हिस्सों में अभियान चलाते हुए सुरक्षा बल एवं पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किया है। पुलिस के द्वारा लोगों से अपील भी लगातार की जा रही है कि जिनके भी पास पुलिस से लूटे गये हथियार हैं, वे वापस कर दें।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा गुरुवार काे दी गयी जानकारी के अनुसार बुधवार को सुरक्षा बलों ने चुराचांदपुर जिले के संगाईकोट थानांतर्गत आने वाले जी. सोंगेल गांव में अभियान चलाते हुए तीन देसी बोल्ट एक्शन एसबीबीएल कैलिबर की राइफलें, एक मैगजीन के साथ देसी बोल्ट एक्शन .303 कैलिबर की राइफल, एक मैगजीन के साथ देसी 9एमएम कैलिबर की पिस्तौल, एक पोंपी, छह स्थानीय रूप से निर्मित रॉकेट शेल और दो स्टन ग्रेनेड बरामद किये गये हैं।

वहीं दूसरे अभियान में, सुरक्षा बलों ने थौबल जिला के नोन्गपोख सेकमाई थानांतर्गत क्वारोक मारिंग की तलहटी में अभियान चलाते हुए सुरक्षा बलों ने एक एके राइफल मैगज़ीन सहित, एक लेथोड गन, दो एसबीबीएल गन, एक 36 नंबर एचई हैंड-ग्रेनेड, तीन ग्रेनेड, दो डेटोनेटर, दस 7.62x51 मिमी गोलियों के राउंड, दो हेलमेट और एक बीपी वेस्ट बरामद किया है। हालांकि, इस संबंध में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Tags