
इंफाल, 12 मार्च (हि.स.)। मणिपुर में मादक पदार्थ के विरूद्ध लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में राज्य में अफीम की खेती को नष्ट करने के साथ ही ब्राउन शुगर के साथ ही तीन तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। साथ ही राज्य के संवेदनशील इलाकों में भारी सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ ही तलाशी अभियान भी लगातार चलाए जा रहे हैं।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा गुरुवार काे जारी सूचना के अनुसार बुधवार को सुरक्षा बलों और वन विभाग ने चुराचांदपुर जिले के संगाईकोट थानांतर्गत हाओपी मोलेन में लगभग 6 एकड़ में फैली अवैध अफीम की खेती को नष्ट कर दिया गया। हालांकि, इस संबंध में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। ज्ञात हो अफीम की खेती पहाड़ी के ढलान वाले इलाके में की गयी थी। ऐसे इलाके में अफीम की खेती की गयी थी, जहां पर सामान्य लोगों की नजर न पड़े।
वहीं अन्य एक अभियान में सुरक्षा बलों ने तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी तेंगनौपाल जिले के निवासी हैं और इन्हें चंदेल जिले के चाकपीकारोंग थानांतर्गत इलाके से ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा गया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान थाओंगमिनथांग (34), नेंगबोई हाओकिप (48), और नेमनिकिम माटे (46) के रूप में की गयी है।
तस्करों के कब्जे से 58 साबुनदानी में भरे हुए ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल फोन और एक वैन (एमएन-06एलएक्स-4037) तथा अन्य दस्तावेज बरामद किया गया।
मणिपुर पुलिस द्वारा जारी एक चेतावनी में आम लोगों से अपील करते हुए कहा गया है कि अफवाहों पर विश्वास न करें और झूठे वीडियो से सावधान रहें। किसी भी आधारहीन वीडियो, ऑडियो क्लिप आदि के प्रसार की सत्यता की पुष्टि केंद्रीय नियंत्रण कक्ष के नंबर 9233522822 से की जा सकती है। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर कई नकली पोस्ट प्रसारित होने की संभावना है।
इसके साथ ही पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर ऐसी नकली पोस्ट अपलोड करने और प्रसारित करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। साथ ही, जनता से लूटे गए हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक तुरंत पुलिस या निकटतम सुरक्षा बलों को लौटाने के लिए कहा गया है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय