मुजतबा खामेनेई की अमेरिका को चेतावनी - मिडिल ईस्ट के सैन्य अड्डे बंद करें

युगवार्ता    12-Mar-2026
Total Views |

-पद संभालने के बाद मुजतबा का पहला बयान; कहा- होर्मुज का रास्ता नहीं खुलेगा

तेहरान, 14 मार्च (हि.स.)। ईरान के सर्वोच्च नेता का पद संभालने के बाद मोजतबा खामेनेई अपने पहले सार्वजनिक संदेश में अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डों को बंद किया जाना चाहिए अन्यथा उन पर हमले जारी रहेंगे। सरकारी मीडिया के माध्यम से जारी संदेश में खामेनेई ने कहा कि मौजूदा हालात में रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होरमुज जलडमरू मध्य को भी फिलहाल खोला नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह कदम क्षेत्रीय दबाव की स्थिति को देखते हुए उठाया गया है।

अपने संदेश में खामेनेई ने कहा कि ईरान पर हुए हमलों की भरपाई ‘दुश्मनों’ को करनी होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नुकसान की भरपाई नहीं की गई तो ईरान भी उसी स्तर पर जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान अपने पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंध चाहता है, लेकिन उन देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डों को निशाना बनाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने यमन के हौथी आंदोलन और क्षेत्र के अन्य सहयोगी समूहों के संभावित समर्थन का भी संकेत दिया।

यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। हालिया सैन्य हमलों के बाद पूरे क्षेत्र में संघर्ष की स्थिति बनी हुई है। रिपोर्टों के अनुसार हाल के हवाई हमलों के दौरान खामेनेई घायल भी हुए थे, जिनमें उनके पैर में फ्रैक्चर की सूचना है। बताया जाता है कि उसी हमले में उनके पिता और पूर्व सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मृत्यु हो गई थी।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags