असम के कार्बी आंगलोंग में बस पेड़ से टकराई, चालक समेत चार लोगों की मौत, 10 घायल

युगवार्ता    14-Mar-2026
Total Views |
असमः बस की टक्कर से धराशायी पेड़ का दृश्य


कार्बी आंगलोंग (असम), 14 मार्च। असम के कार्बी आंगलोंग जिले में शनिवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में चालक सहित चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य यात्री घायल हो गए। हादसा तब हुआ जब एक यात्री बस अचानक असंतुलित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना लक्खीजान इलाके में हुई, जो बोकाजान थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। बस मोइराबाड़ी (जिला मोरीगांव जिला) से डिमापुर की ओर जा रही थी। सभी एक मोड़ पर मुड़ते समय चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जोरदार तरीके से टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस चालक सहित चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अब्दुल बारेक, खलील रहमान, शबीना सुल्ताना और अलाउद्दीन के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

हादसे में घायल हुए 10 यात्रियों को उपचार के लिए डिमापुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक बच्चा भी शामिल है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक आशंका है कि मोड़ पर बस की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह दुर्घटना हुई।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Tags