गुरु हर राय साहिब जी का जीवन करुणा, सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है: भैयाजी जोशी

युगवार्ता    14-Mar-2026
Total Views |
समालखा में सिख पर्यावरण दिवस मनाया के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश भैया जी जोशी


समालखा, 14 मार्च (हि.स.)। सिखों के सातवें गुरु हरराय के गुरुगद्दी दिवस के अवसर पर शनिवार को हरियाणा के समालखा में सिख पर्यावरण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश जोशी उपाख्य भैयाजी जोशी ने समाज को प्रकृति संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर उन्होंने स्वयं भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गुरु हर राय का जीवन करुणा, सेवा और प्रकृति के प्रति गहरे सम्मान का अद्वितीय उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि गुरु हरराय साहिब जी का जन्म 16 जनवरी 1630 को कीरतपुर साहिब में हुआ था। वे छठे गुरु हरगोबिन्द के पौत्र थे। वह वर्ष 1644 में मात्र 14 वर्ष की आयु में गुरुगद्दी पर विराजमान हुए। अपने जीवनकाल में उन्होंने मानव सेवा के साथ-साथ प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा को विशेष महत्व दिया। उन्होंने औषधीय पौधों और जड़ी-बूटियों के विशाल बाग विकसित किए और ज़रूरतमंदों के लिए औषधालय स्थापित किए।

इस अवसर पर भैया जी जोशी ने अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। प्रदर्शनी को चार प्रमुख भागों में विभाजित किया गया है— हरियाणा के प्रेरणादायी महापुरुष, भगवद्गीता पर आधारित प्रदर्शनी, सरस्वती नदी से संबंधित ऐतिहासिक और सांस्कृतिक प्रस्तुति तथा श्री गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी वर्ष पर उनके जीवन और बलिदान पर आधारित हस्तनिर्मित प्रदर्शनी। इसके अतिरिक्त प्रदर्शनी में हरियाणा में संघ को जीवन देने वाले महापुरुषों के योगदान को भी प्रदर्शित किया गया है।

उन्होंने कहा कि गुरु हर राय का जीवन हमें यह प्रेरणा देता है कि सेवा, करुणा और प्रकृति के प्रति सम्मान के साथ समाज और मानवता की सेवा करें तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लें।

उल्लेखनीय है कि 14 मार्च को गुरु हर राय के गुरुगद्दी दिवस के अवसर पर सिख पर्यावरण दिवस मनाया जाता है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags