
यांगून (म्यांमार), 14 मार्च (हि.स.)।
भारतीय अंडर-17 महिला फुटबॉल टीम ने शानदार जुझारूपन दिखाते हुए म्यांमार को 3-2 से हराकर अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच में रोमांचक जीत दर्ज की। यह मुकाबला शनिवार को यांगून के थुवुन्ना स्टेडियम में खेला गया।
मेजबान म्यांमार ने मुकाबले में शुरुआत से ही दबाव बनाया और 12वें मिनट में ह्निन विंट वार क्याव के गोल से बढ़त हासिल कर ली। भारत ने 33वें मिनट में बराबरी की जब अल्वा देवी सेनजाम ने शानदार गोल दागा। हालांकि हाफ टाइम से ठीक पहले 45वें मिनट में मिन होतोन मे जिटार ने गोल कर म्यांमार को 2-1 की बढ़त दिला दी।
दूसरे हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और काफी देर तक कोई गोल नहीं हुआ। जब ऐसा लग रहा था कि म्यांमार जीत दर्ज कर लेगा, तभी भारत ने अंतिम मिनटों में जोरदार वापसी की।
88वें मिनट में भारतीय खिलाड़ी अनुष्का कुमारी ने लगभग 25 गज दूर से शानदार शॉट लगाकर बराबरी का गोल किया। इसके बाद इंजरी टाइम में 90+1वें मिनट पर जॉया ने गोल दागकर भारत को 3-2 से रोमांचक जीत दिला दी। जॉया का यह भारत के लिए दूसरा मैच था और इसी में उन्होंने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय युवा गोल भी किया।
यह मैच भारत की तैयारी का हिस्सा था, क्योंकि एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप 1 से 17 मई तक चीन के सूझोउ में आयोजित किया जाएगा। म्यांमार की टीम भी इसी टूर्नामेंट की तैयारी कर रही है। इससे पहले खेले गए पहले मैत्री मैच में भी भारत ने 2-0 से जीत दर्ज की थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे