तरुण हत्याकांड: सर्व हिंदू समाज और परिजनों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की

युगवार्ता    14-Mar-2026
Total Views |
मृतक तरुण की मां लक्ष्मी देवी, पिता मेमराज और अन्य परिजन प्रेस वार्ता में दोषियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए


मृतक तरुण की मां लक्ष्मी देवी, पिता मेमराज और अन्य परिजन प्रेस वार्ता में दोषियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए


नई दिल्ली, 14 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र में तरुण हत्याकांड को लेकर सर्व हिंदू समाज ने शनिवार को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मृतक के परिजनों ने कहा कि इस मामले के सभी दोषियों को सख्त सजा दी जाए। कुल 22 से 23 आरोपितों में 6 अभी भी फरार हैं। फरार आरोपितों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तर्ज पर आरोपितों की संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया जाए।

सर्व हिंदू समाज और पीड़ित के परिजनों ने शनिवार को यहां प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता की। इस वार्ता में मृतक तरुण में मृतक की मां लक्ष्मी देवी, पिता मेमराज, चाचा रमेश कुमार और दादा मानसिंह के अलावा खटिक समुदाय के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह भी मौजूद रहे। परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए कि भविष्य में कोई भी इस तरह की घटना करने की हिम्मत न कर सके।

मृतक की मां लक्ष्मी देवी ने कहा कि होली के दिन एक छोटी बच्ची द्वारा खेल-खेल में रंग भरा गुब्बारा फेंका गया था, जिसके छींटे एक महिला पर पड़ गए। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और बाद में उनके बेटे तरुण को बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला गया। उनका बेटा 26 वर्ष का था और पशु प्रेमी था। वह आसपास के आवारा कुत्तों और गायों को खाना खिलाता और पानी पिलाता था। इसी कारण कुछ लोग उससे चिढ़ते थे।

उन्होंने कहा कि उनके दो बच्चे थे, जिनमें से एक को इस घटना में खो दिया। आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और उनकी संपत्तियों को ध्वस्त किया जाए। इस मामले में शामिल सभी 22-23 आरोपितों को ऐसी सजा दी जाए कि दिल्ली में दोबारा इस तरह की घटना न हो।

मृतक के पिता मेमराज ने कहा कि घटना के समय उनका बेटा घर पर नहीं था। जब गुब्बारे की घटना के बाद विवाद हुआ तो कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर आ गए। स्थिति बिगड़ती देख परिवार के लोग घर के अंदर चले गए थे, लेकिन तरुण को इस बारे में जानकारी नहीं थी। जब वह मोटरसाइकिल से घर लौटा तो पहले से घात लगाए लोगों ने उस पर हमला कर दिया।

मेमराज ने कहा कि आरोपितों ने तरुण को लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से बुरी तरह पीटा। यहां तक कि उसकी पीठ पर पत्थर और सिलबट्टे से भी वार किया गया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां अगले दिन दोपहर करीब 12 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हमलावरों ने उनके परिवार के अन्य सदस्यों को भी बुरी तरह पीटा, जिसमें उनके भाई का सिर फट गया जिसमें 8 टांके आए और हाथ टूट गया।

परिजनों ने आरोप लगाया कि हमलावरों की संख्या लगभग 22 से 23 थी, जिनमें से 6 से ज्यादा अभी भी फरार हैं। पुलिस ने कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन अभी भी कई आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सभी फरार आरोपितों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

सर्व हिंदू समाज ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए इसे विशेष जांच दल, क्राइम ब्रांच या केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपा जाना चाहिए। साथ ही न्यायिक प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने के लिए सक्षम और स्वतंत्र लोक अभियोजक की नियुक्ति की भी मांग की।

संगठन ने कहा कि घटना से जुड़े सभी सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर और रिकॉर्डिंग को तुरंत जब्त कर जांच की जाए, ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके। कुछ लोगों द्वारा अवैध गतिविधियों और अवैध निर्माण से जुड़े मामलों की भी जांच होनी चाहिए।

सर्व हिंदू समाज ने प्रशासन से यह भी मांग की कि मामले की निगरानी के लिए एक विशेष जांच समिति गठित की जाए और जांच या न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाए। यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो समाज के लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags