
कीव, 15 मार्च (हि.स.)। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूक्रेन ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि रूस ने रातभर ड्रोन हमले किए जिनमें 97 में से 90 ड्रोन को मार गिराया या बेअसर कर दिया गया। यूक्रेन का कहना है कि इनमें ज्यादातर शाहेद कामिकाज़े ड्रोन थे, जिन्हें रूस ने अपने अलग-अलग इलाकों और क्रीमिया से लॉन्च किया था।
यूक्रेन की राष्ट्रीय समाचार संस्था यूक्रेनी नेशनल न्यूज़ (यूएनएन) के अनुसार, यूक्रेन की एयर डिफेंस प्रणाली ने शनिवार रात रूस के बड़े ड्रोन हमले को नाकाम कर दिया। यूक्रेनी एयर फोर्स के अनुसार, रक्षा बलों ने रूस द्वारा दागे गए 97 ड्रोन में से 90 को मार गिराया या इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम के जरिए बेअसर कर दिया।
यूक्रेन की सशस्त्र सेनाओं की एयर फोर्स ने बताया कि रूस ने अलग-अलग प्रकार के हमलावर ड्रोन का इस्तेमाल किया, जिनमें शाहेद, गेरबेरा और इतालमास शामिल थे। इनमें से लगभग 70 ड्रोन शाहेद श्रेणी के कामिकाज़े ड्रोन थे, जिन्हें बड़े पैमाने पर हमलों के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
यूक्रेन के मुताबिक, ये ड्रोन रूस के ब्रायंस्क, ओरयोल, कुर्स्क और मिलरोवो क्षेत्रों के साथ-साथ अस्थायी रूप से कब्जे वाले क्रीमिया से लॉन्च किए गए थे। इस हमले को यूक्रेन की एयर डिफेंस यूनिट्स, एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइल सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर यूनिट्स, ड्रोन यूनिट्स और मोबाइल फायर ग्रुप्स ने मिलकर नाकाम किया।
हालांकि, सेना के अनुसार पांच ड्रोन पांच अलग-अलग स्थानों पर गिर गए, जबकि मार गिराए गए ड्रोन का मलबा दो जगहों पर गिरने की भी सूचना मिली है। एयर फोर्स ने बताया कि हमला सुबह तक जारी रहा और कुछ यूएवी अभी भी यूक्रेन के हवाई क्षेत्र में सक्रिय थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी