तेलंगाना में हाई-प्रोफाइल ड्रग्स पार्टी का खुलासा, टीडीपी सांसद सहित 10 लोगों को पुलिस ने पकड़ा

युगवार्ता    15-Mar-2026
Total Views |
Drugs case


गिरिधर एस एस एस पी


-सांसद समेत 6 लोग पॉजिटिव, फायरिंग से बढ़ा विवाद

हैदराबाद, 15 मार्च। तेलंगाना के रंगारेड्डी ज़िले के मोइनाबाद क्षेत्र में स्थित एक फार्महाउस में कथित तौर पर आयोजित ड्रग्स पार्टी का मामला अब राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में बड़ा विवाद बन गया है। इस पार्टी में उद्योगपतियों, रियल एस्टेट कारोबारियों और राजनीतिक नेताओं की मौजूदगी सामने आने के बाद मामला और भी सनसनीखेज हो गया है। पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं, जबकि विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि कुछ प्रभावशाली लोगों को बचाने के लिए राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि मोइनाबाद के अजीजनगर स्थित एक फार्महाउस में ड्रग्स के साथ पार्टी चल रही है। सूचना मिलते ही ‘ड्रग लॉ एनफोर्समेंट के लिए एलीट एक्शन ग्रुप’ (ईगल) की पांच सदस्यीय टीम ने शनिवार रात करीब 9:30 बजे फार्महाउस पर छापा मारा।

हालांकि, छापेमारी के दौरान पुलिस को फार्महाउस के अंदर प्रवेश करने में शुरुआती विरोध का सामना करना पड़ा। बताया गया कि गेट पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और फार्महाउस के मालिक तथा पूर्व विधायक पायलट रोहित रेड्डी ने पुलिस टीम को तुरंत अंदर जाने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद स्थिति को देखते हुए पुलिस ने स्पेशल ऑपरेशंस टीम (एसओटी) को मौके पर बुलाया, जिसकी मदद से टीम ने फार्महाउस के अंदर प्रवेश किया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने फार्महाउस से करीब दो ग्राम कोकीन बरामद की। जांच में यह भी सामने आया कि पार्टी में कुल 11 लोग मौजूद थे, जिनमें से छह लोगों का ड्रग्स टेस्ट पॉजिटिव पाया गया।

ईगल टीम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गिरिधर ने रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जिन छह लोगों का ड्रग्स टेस्ट पॉजिटिव आया है, उनमें पूर्व विधायक पायलट रोहित रेड्डी, एलुरु के टीडीपी सांसद पुट्टा महेश कुमार यादव, रितेश रेड्डी, नमित, कौशिक रवि और अर्जुन रेड्डी शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, सांसद पुट्टा महेश कुमार यादव का शनिवार रात को किया गया रैपिड ड्रग टेस्ट नेगेटिव आया था, लेकिन बाद में किए गए ब्लड टेस्ट में उनका परिणाम पॉजिटिव पाया गया। पुलिस का यह भी आरोप है कि जांच के दौरान सैंपल के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की गई थी, जिसकी भी जांच की जा रही है।

जांच के दौरान एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, पार्टी के दौरान राजस्थान के एक पूर्व विधायक ने कथित तौर पर रोहित रेड्डी के भाई की बंदूक से हवा में दो राउंड फायरिंग की। इसी दौरान पुलिस को गोलियों की आवाज सुनाई दी।

मौके पर नमित नामक व्यक्ति को हथियार के साथ देखा गया, जिसकी शुरुआती पहचान दिल्ली निवासी के रूप में की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हथियार का लाइसेंस किसके नाम पर है और फायरिंग किस परिस्थिति में की गई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि बरामद कोकीन कथित तौर पर शिमला से लाई गई थी। जांच एजेंसियां अब ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस पार्टी के लिए ड्रग्स किसने मंगवाई थी।

ईगल टीम के एसएसपी गिरिधर ने स्पष्ट कहा कि ड्रग्स के इस्तेमाल और तस्करी के मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी सांसद या विधायक की संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके खिलाफ भी कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस सभी आरोपितों से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस मामले ने राजनीतिक हलकों में भी हलचल मचा दी है और आने वाले दिनों में इससे जुड़े और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / नागराज राव

Tags