
नई दिल्ली, 16 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ल ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी द्वारा असदुद्दीन ओवैसी के साथ ‘दावत-ए-इफ्तार’ में हिस्सेदारी एवं रेवंत रेड्डी के विवादित बयान पर जोरदार हमला बोला। सोमवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रेम शुक्ल ने कहा कि जिस असदुद्दीन ओवैसी को कांग्रेस, आए दिन भारतीय जनता पार्टी की टीम-बी बताती है, वही तेलंगाना में रेवंत रेड्डी के अजीज हो जाते हैं। शुक्ल ने रेवंत रेड्डी द्वारा हिंदू देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी व तुष्टिकरण करने की भी जमकर आलोचना की।
शुक्ल ने कहा कि तेलंगाना के कांग्रेसी मुख्यमंत्री हजरत रेवंत रेड्डी ने कल एक ‘दावत-ए-इफ्तार’ पार्टी में हिस्सेदारी की। बिना रोजा रखे इफ्तार में शामिल हुए हजरत रेवंत रेड्डी ने असदुद्दीन ओवैसी के साथ मिलकर खजूर खाए। लेकिन खजूर खाते-खाते जिस तरह के मियांवाद का मवाद बनाने का काम रेवंत रेड्डी ने किया, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। रेवंत रेड्डी ने कहा कि आपकी दुआओं से देश चल रहा है, आपकी दुआओं से सब कुछ ठीक-ठाक है और आपकी दुआएं रहेंगी तो सब कुछ ठीक रहेगा।
राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि रेवंत रेड्डी कुछ दिन पहले हिंदू देवी-देवताओं का मजाक उड़ा रहे थे, कह रहे थे कि तीन करोड़ हिंदू देवी-देवता हैं, जो शराब पीने वाले हैं, उनके अलग देवी-देवता हैं, जो कुंवारे हैं उनके अलग देवी-देवता हैं और कुछ देवी-देवताओं पर मांस चढ़ता है। हिंदू देवी-देवताओं का पग-पग पर अपमान करने का कुकृत करने वाले रेवंत रेड्डी में अब मुस्लिम समाज को तारणहार दिखाई देता है और उनकी दुआएं उन्हें चाहिए। रेवंत रेड्डी मुस्लिम तुष्टीकरण की सारी हदें तोड़ते हुए मुसलमानों की दाढ़ी में मक्खन लगा रहे हैं। मुसलमानों की दाढ़ी में मक्खन लगाना उनका निर्णय हो सकता है, लेकिन हिंदुओं का अपमान करने और हिंदू देवी-देवताओं के प्रति अभद्र शब्दों का इस्तेमाल करने का अधिकार उन्हें किसने दिया?
शुक्ल ने कहा कि राहुल गांधी को जवाब देना चाहिए कि उनकी पार्टी का मुख्यमंत्री बार-बार हिंदुओं का अपमान और मुसलमानों की दाढ़ी में मक्खन लगाने का जो काम कर रहा है, क्या यह कांग्रेस की आधिकारिक नीति है? क्या यही वह बात है जो राहुल गांधी कुछ दिन पहले कह रहे थे कि कांग्रेस मुसलमानों की पार्टी है। यदि ऐसा है, तो राहुल गांधी का जो अधिकृत स्टैंड है, उसी का विस्तार रेवंत रेड्डी कर रहे हैं। कभी कमलनाथ कहते हैं कि 90 प्रतिशत मुसलमानों को कांग्रेस को वोट देना चाहिए और कभी रेवंत रेड्डी इसी तरह के बयान देकर सामने आ जाते हैं। कांग्रेस की तुष्टीकरण की जो राजनीतिक विकृति है, उसका लगातार विस्तार दिखाई दे रहा है। कल हैदराबाद की इफ्तार पार्टी में मियांवाद के इस मवाद को फैलाने का एक और दृश्य पूरे देश ने देखा। अब हर हिंदू को समझ लेना चाहिए कि कांग्रेस हिंदू द्रोह करने पर आमादा है और वह स्वयं को केवल मुसलमानों की दाढ़ी में मक्खन लगाने में ही धन्य मान रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी