
नई दिल्ली, 16 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से निर्धारित चार स्तंभ किसान, युवा, महिला और गरीब के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।
संसद परिसर में प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार वर्तमान समय को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मना रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पशुपालन, मत्स्य पालन, बागवानी और कृषि सहित 16 विभिन्न विभागों को आपस में जोड़कर समन्वित तरीके से काम कर रही है। इस दौरान विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों और योजनाओं की प्रगति पर प्रधानमंत्री के साथ विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा, “मुझे इस बात का संतोष है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रसन्नता के साथ हमारे कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए आशीर्वाद दिया है और आने वाले समय में इसके अच्छे परिणाम भी सामने आएंगे।”----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी