मिडिल ईस्ट तनाव के बीच जर्मनी-ग्रीस ने होर्मुज ऑपरेशन से बनाई दूरी

युगवार्ता    16-Mar-2026
Total Views |

बर्लिन/एथेंस/लंदन, 16 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच जर्मनी और ग्रीस ने साफ कर दिया है कि वे होरमुज जलडमरूमध्य से जुड़े किसी भी सैन्य अभियान में हिस्सा नहीं लेंगे। दोनों देशों ने कहा है कि क्षेत्र में जारी संघर्ष में सीधे सैन्य भागीदारी से वे दूरी बनाए रखेंगे।

जर्मन सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि ईरान से जुड़ा यह युद्ध नाटो रक्षा गठबंधन का मामला नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक क्षेत्र में संघर्ष जारी रहेगा, जर्मनी न तो इस युद्ध में शामिल होगा और न ही होर्मुज जलडमरूमध्य को सैन्य बल के जरिए खुला रखने के किसी अभियान का हिस्सा बनेगा।

वहीं, ग्रीस के सरकारी प्रवक्ता पावलोस मारिनाकिस ने भी कहा कि उनका देश स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में किसी सैन्य कार्रवाई में भाग नहीं लेगा। उन्होंने बताया कि ग्रीस स्थिति पर नजर बनाए हुए है, लेकिन फिलहाल किसी सैन्य हस्तक्षेप की योजना नहीं है।

इससे पहले, यूनाइटेड किंगडम ने भी पश्चिम एशिया के संभावित व्यापक युद्ध से दूरी बनाने के संकेत दिए थे। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा कि उनका देश क्षेत्र में बढ़ते संघर्ष में सीधे तौर पर शामिल नहीं होगा।

स्टार्मर ने कहा कि ब्रिटेन की प्राथमिकता खाड़ी देशों में मौजूद अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर अपने और अपने सहयोगी देशों की सुरक्षा के लिए कदम उठाए जाएंगे, लेकिन ब्रिटेन किसी बड़े युद्ध में खुद को नहीं घसीटने देगा।

उन्होंने जोर देकर कहा कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए कूटनीतिक प्रयास जरूरी हैं और जल्द से जल्द समाधान निकालने की दिशा में काम किया जाना चाहिए।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags