ईरान ने पड़ोसी देशों से युद्ध पर रुख स्पष्ट करने को कहा

युगवार्ता    16-Mar-2026
Total Views |

तेहरान, 16 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच अब्बास अराघची ने क्षेत्र के पड़ोसी देशों से मौजूदा संघर्ष पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के देशों को यह साफ करना चाहिए कि वे इस युद्ध में किस पक्ष में खड़े हैं।

ईरान के विदेश मंत्री ने आरोप लगाया कि अमेरिका और इजराइल के हमलों में ईरान के सैकड़ों नागरिकों की जान जा चुकी है। उनके अनुसार इन हमलों के पीछे कुछ पड़ोसी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

अराघची ने कहा कि ऐसी रिपोर्ट भी सामने आई हैं जिनसे संकेत मिलता है कि कुछ देश इन हमलों को अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन या प्रोत्साहन दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस स्थिति में उन देशों को तुरंत अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए, ताकि क्षेत्र में बढ़ते तनाव को लेकर स्थिति साफ हो सके।

इस बीच अमेरिकी मीडिया की रिपोर्टों में दावा किया गया है कि डोनाल्ड ट्रंप इस मुद्दे पर मोहम्मद बिन सलमान के संपर्क में हैं। रिपोर्टों के मुताबिक सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस के साथ बातचीत में क्षेत्रीय हालात और मौजूदा संघर्ष पर चर्चा हुई है।

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण क्षेत्रीय राजनीति और सुरक्षा स्थिति लगातार जटिल होती जा रही है। कई देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों की ओर से भी इस संघर्ष को जल्द रोकने और कूटनीतिक समाधान तलाशने की अपील की जा रही है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags